काशी तमिल संगमम 5.0 के प्रतिनिधि करेंगे त्रिवेणी संगम और रामलला के दर्शन
—सात श्रेणियों में तमिलनाडु से आएंगे 1,400 प्रतिनिधि, आठ दिवसीय यात्रा में काशी, प्रयागराज और अयोध्या की साझा विरासत से होंगे रूबरू
वाराणसी, 25 नवंबर (हि.स.)। काशी और तमिलनाडु के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, भाषायी और आध्यात्मिक संबंधों को नई ऊंचाई देने के उद्देश्य से आयोजित काशी तमिल संगमम का पांचवां संस्करण एक बार फिर उत्तर और दक्षिण भारत की साझा विरासत को सामने लाएगा। काशी तमिल संगमम 5.0 में तमिलनाडु से करीब 1,400 प्रतिनिधि सात अलग-अलग श्रेणियों में भाग लेंगे। आठ दिवसीय इस आयोजन के दौरान प्रतिनिधि वाराणसी के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के साथ प्रयागराज के त्रिवेणी संगम और अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन भी करेंगे।
प्रतिनिधियों की सात श्रेणियों में छात्र, शिक्षक, लेखक एवं मीडिया पेशेवर, कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों से जुड़े लोग, पेशेवर एवं कारीगर, महिलाएं तथा आध्यात्मिक गुरु शामिल हैं। करीब 200-200 सदस्यों के सात समूहों में विभाजित प्रतिनिधियों के लिए यात्रा, सांस्कृतिक गतिविधियों, शैक्षणिक संवाद और क्षेत्र विशेष से जुड़े कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है।
काशी में धर्म, संस्कृति और शिक्षा का संगम
वाराणसी प्रवास के दौरान प्रतिनिधि काशी विश्वनाथ मंदिर, सारनाथ अथवा काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू), रामनगर किला और भारत माता मंदिर सहित प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण करेंगे। गंगा आरती, गंगा स्नान, शैक्षणिक सत्र और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी यात्रा का हिस्सा होंगे।
विशेष तमिल विरासत सर्किट के तहत प्रतिनिधियों को महाकवि सुब्रमणिया भारती के पैतृक आवास, केदार घाट और काशी में स्थित तमिल परंपरा से जुड़े काशी मठ (लिटिल तमिलनाडु) का भ्रमण कराया जाएगा। इसके अलावा बीएचयू के तमिल विभाग में शैक्षणिक संवाद आयोजित होगा। काशी के बाद प्रतिनिधि प्रयागराज के त्रिवेणी संगम और अयोध्या के श्रीराम मंदिर पहुंचेंगे।
चार संस्करणों में मजबूत हुई काशी और तमिलनाडु की सांस्कृतिक साझेदारी
वर्ष 2022 से 2025 के बीच आयोजित काशी तमिल संगमम के चार संस्करणों ने उत्तर और दक्षिण भारत के बीच सांस्कृतिक, भाषायी, शैक्षणिक और ऐतिहासिक संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रत्येक संस्करण में अलग-अलग विषयों और गतिविधियों के माध्यम से इस विरासत को नई पहचान देने का प्रयास किया गया।
पहला संस्करण : 2022 में हुई सांस्कृतिक एकता की शुरुआत
काशी तमिल संगमम का पहला आयोजन नवंबर-दिसंबर 2022 में वाराणसी स्थित बीएचयू में हुआ था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 19 नवंबर 2022 को इसका उद्घाटन किया था। इस आयोजन में तमिलनाडु के 12 अलग-अलग क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाले 2,500 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। आठ दिवसीय यात्रा के दौरान प्रतिनिधियों ने वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या का भ्रमण किया। समान व्यवसाय, पेशे और रुचियों से जुड़े लोगों के बीच संवाद स्थापित करने के लिए सेमिनार, शैक्षणिक चर्चाएं और स्थल भ्रमण आयोजित किए गए।
इस दौरान काशी में हस्तकरघा, हस्तशिल्प, एक जिला-एक उत्पाद (ओडीओपी), पुस्तकें, वृत्तचित्र, व्यंजन और विभिन्न कला रूपों की महीने भर की प्रदर्शनी भी लगाई गई। विद्वानों एवं विशेषज्ञों के बीच शैक्षणिक आदान-प्रदान और विचार-विमर्श ने इस आयोजन को व्यापक स्वरूप प्रदान किया।
दूसरा संस्करण : 2023 में नमो घाट बना सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र
काशी तमिल संगमम का दूसरा संस्करण 17 से 30 दिसंबर 2023 तक वाराणसी के नमो घाट पर आयोजित हुआ। प्रधानमंत्री माेदी ने इसका उद्घाटन किया। इस संस्करण की प्रमुख विशेषताओं में प्रधानमंत्री के संबोधन का ऐप आधारित रियल-टाइम तमिल अनुवाद शामिल रहा, जिससे तमिलनाडु से आए प्रतिनिधियों को संवाद समझने में सुविधा मिली।
इस बार भी प्रतिनिधियों के लिए वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या की आठ दिवसीय यात्रा निर्धारित की गई थी। सात समूहों को गंगा, यमुना, सरस्वती, सिंधु, नर्मदा, गोदावरी और कावेरी जैसी पवित्र नदियों के नाम दिए गए थे। नमो घाट पर तमिलनाडु और काशी की कला, हथकरघा, हस्तशिल्प एवं व्यंजनों की प्रदर्शनियां लगाई गईं। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ साहित्य, प्राचीन ग्रंथों, दर्शन, आध्यात्मिकता, संगीत, नृत्य, नाटक, योग, आयुर्वेद और आधुनिक नवाचारों पर शैक्षणिक संवाद आयोजित किए गए।
तीसरा संस्करण : 2025 में ऋषि अगस्त्य की विरासत पर रहा विशेष जोर
काशी तमिल संगमम का तीसरा संस्करण 15 से 24 फरवरी 2025 तक आयोजित हुआ। इस बार आयोजन का विशेष केंद्र ऋषि अगस्त्य की विरासत और भारतीय ज्ञान परंपरा को समकालीन विमर्श से जोड़ना रहा। इसमें तमिलनाडु से करीब 1,000 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। विभिन्न केंद्रीय विश्वविद्यालयों के लगभग 200 छात्र भी इसमें शामिल हुए। इस संस्करण की खास बात यह रही कि प्रतिनिधियों के कार्यक्रम में पहली बार प्रयागराज के महाकुंभ और अयोध्या में नवनिर्मित श्रीराम मंदिर के दर्शन को शामिल किया गया।
काशी में ऋषि अगस्त्य के जीवन और योगदान पर प्रदर्शनी, सेमिनार, कार्यशालाएं तथा उनके विद्वतापूर्ण कार्यों पर पुस्तक विमोचन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। यह आयोजन राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत भारतीय ज्ञान प्रणालियों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने की अवधारणा के अनुरूप रहा। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में 869 से अधिक कलाकारों और 190 स्थानीय लोक एवं शास्त्रीय कला समूहों ने भाग लिया। आयोजन में करीब दो लाख लोगों की सहभागिता दर्ज की गई।
चौथा संस्करण : 2025 में 'तमिल करकलम' के जरिए भाषा और शिक्षा पर जोर
काशी तमिल संगमम के चौथे संस्करण का आयोजन दिसंबर 2025 में 'तमिल करकलम-आइए तमिल सीखें' विषय पर केंद्रित रहा। इसमें तमिलनाडु की सात श्रेणियों से 1,400 से अधिक प्रतिनिधियों को शामिल किया गया। इस संस्करण में सांस्कृतिक आदान-प्रदान के साथ तमिल भाषा के शिक्षण और प्रसार को विशेष प्राथमिकता दी गई। इसकी प्रमुख पहल के तहत 50 प्रशिक्षित तमिल शिक्षकों और समन्वयकों ने वाराणसी के 50 स्कूलों में 1,500 से अधिक विद्यार्थियों को प्रारंभिक तमिल भाषा का शिक्षण दिया। वहीं, 'तमिल करपोम' पहल के अंतर्गत काशी के 300 कॉलेज विद्यार्थियों के लिए तमिलनाडु में तमिल भाषा सीखने से जुड़ी अध्ययन यात्राएं आयोजित की गईं। इस संस्करण में तेनकासी से काशी तक ऋषि अगस्त्य वाहन अभियान भी विशेष आकर्षण रहा, जिसने दोनों क्षेत्रों की साझा सांस्कृतिक एवं सभ्यतागत विरासत को रेखांकित किया। भारतीय रेलवे ने प्रतिनिधियों की यात्रा के लिए सात विशेष ट्रेनें संचालित कीं। साथ ही प्राचीन तमिल ग्रंथ 'तोल्काप्पियम' के चार भारतीय और छह विदेशी भाषाओं में अनुवाद जारी किए गए। आयोजन का समापन 30 दिसंबर 2025 को रामेश्वरम में हुआ।
—पांचवें संस्करण में तिरुक्कुरल के माध्यम से व्यापक होगा ज्ञान का प्रसार
काशी तमिल संगमम भारत की उस प्राचीन सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है, जिसमें भाषा, साहित्य, ज्ञान और साझा मान्यताओं ने अलग-अलग क्षेत्रों के लोगों को एक सूत्र में जोड़ा है। पहले चार संस्करणों के अनुभवों के आधार पर पांचवें संस्करण में इस परंपरा को और व्यापक बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इस बार तिरुक्कुरल पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। इसके माध्यम से शास्त्रीय तमिल साहित्य, दर्शन और नैतिक मूल्यों को संगमम की पारंपरिक गतिविधियों से आगे बढ़ाकर देशभर के शैक्षणिक संस्थानों और युवा विद्यार्थियों तक पहुंचाने की पहल की जा रही है। भाषायी और क्षेत्रीय सीमाओं से परे तिरुक्कुरल के अध्ययन को प्रोत्साहित करने का उद्देश्य भारत की समृद्ध साहित्यिक एवं दार्शनिक विरासत को व्यापक जनसमुदाय के लिए सुलभ बनाना है। इस बार काशी तमिल संगमम 5.0 केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि शिक्षा, साहित्य, आध्यात्मिकता और जनसंपर्क के माध्यम से उत्तर और दक्षिण भारत के ऐतिहासिक रिश्तों को और प्रगाढ़ बनाने का एक महत्वपूर्ण मंच बनेगा।
------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

