काशी तमिल संगमम् 5.0 : मेंहदी और पोस्टर डिजाइन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

WhatsApp Channel Join Now
काशी तमिल संगमम् 5.0 : मेंहदी और पोस्टर डिजाइन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा


वाराणसी, 23 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में काशी तमिल संगमम् 5.0 के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की श्रृंखला में सोमवार को काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के विश्वनाथ मंदिर परिसर में मेंहदी एवं पोस्टर डिजाइन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। दोनों प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा के साथ भारतीय कला एवं साहित्य के प्रति रुचि का प्रदर्शन किया।

मेंहदी प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने आकर्षक और कलात्मक डिजाइनों के माध्यम से अपनी हुनर का परिचय दिया। इस आयोजन का उद्देश्य भारतीय पारंपरिक कला एवं सांस्कृतिक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करना था। विद्यार्थियों ने मेंहदी डिजाइनों के जरिए काशी तमिल संगमम् 5.0 का संदेश भी प्रसारित किया और लोगों को आयोजन में सहभागिता के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता का समन्वयन विजय भगत ने किया।

इसके बाद ‘तिरुक्कुरल पढ़ें एवं सीखें’ विषय पर पोस्टर डिजाइन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का उद्देश्य तमिल साहित्य के महान ग्रंथ तिरुक्कुरल में निहित शिक्षाओं, नैतिक मूल्यों और जीवन-दर्शन को रचनात्मक माध्यम से प्रस्तुत करना था। प्रतिभागियों ने आकर्षक पोस्टरों के जरिए तिरुक्कुरल के विचारों और तमिल साहित्य की समृद्ध परंपरा को अभिव्यक्त किया। इस प्रतियोगिता का समन्वयन साहेब राम टुडू ने किया।

प्रतियोगिताओं में शामिल विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि इन गतिविधियों में भाग लेना उनके लिए नया और रोचक अनुभव रहा। इसके माध्यम से उन्हें अपनी रचनात्मक क्षमता प्रदर्शित करने के साथ ही पोस्टरों के जरिए तिरुक्कुरल की शिक्षाओं और विचारों को समझने का अवसर मिला। विद्यार्थियों ने इन आयोजनों को तमिल साहित्य, संस्कृति और उसकी समृद्ध विरासत से परिचित होने का उपयोगी माध्यम बताया।

वहीं, सोमवार शाम बीएचयू स्थित विश्वनाथ मंदिर परिसर में भजन संध्या का आयोजन किया गया। इसमें भक्ति संगीत के माध्यम से आध्यात्मिक और सांस्कृतिक वातावरण की झलक देखने को मिली।

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की ओर से काशी तमिल संगमम् के पांचवें संस्करण का आयोजन 18 नवंबर से 12 दिसंबर 2026 तक किया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य काशी और तमिलनाडु के बीच प्राचीन सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं आध्यात्मिक संबंधों को और प्रगाढ़ करना तथा दोनों क्षेत्रों की साझा विरासत को जन-जन तक पहुंचाना है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782174 Articles

Share this story