काशी तमिल संगमम 5.0 से पहले अस्सी घाट पर सजी संस्कृति के रंग, रंगोली प्रतियोगिता में दिखी भारतीय परंपरा की झलक
वाराणसी, 21 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में काशी तमिल संगमम 5.0 के आयोजन से पहले सांस्कृतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में शनिवार को अस्सी घाट पर काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) की ओर से रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बीएचयू, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ और शहर के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने रंगों और कलात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से भारतीय संस्कृति, परंपरा और सामाजिक मूल्यों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया।
अस्सी घाट पर आयोजित प्रतियोगिता में बच्चों ने विभिन्न विषयों और संदेशों पर आधारित मनमोहक रंगोलियां बनाईं। रंगों से सजी इन कलाकृतियों में भारतीय सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक मान्यताओं और सामाजिक समरसता की झलक देखने को मिली। घाट पर रंगोलियों को देखने के लिए पर्यटकों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी। लोगों ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता की सराहना की और रंगोलियों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
उल्लेखनीय है कि काशी तमिल संगमम 5.0 का आयोजन 28 नवंबर से वाराणसी में प्रस्तावित है। इस बार आयोजन की थीम 'तिरुक्कुरल पयिल्वोम-तिरुक्कुरल अभ्यास करें' रखी गई है। तिरुक्कुरल तमिल साहित्य का प्राचीन और महत्वपूर्ण ग्रंथ है, जिसकी रचना महान कवि एवं दार्शनिक तिरुवल्लुवर ने की थी। नैतिकता, सदाचार और जीवन मूल्यों पर आधारित इस ग्रंथ को तीन प्रमुख भागों में विभाजित किया गया है—अरम (धर्म), पोरुल (अर्थ) और इन्बम (काम)। इन शिक्षाओं के माध्यम से जीवन के उच्च आदर्शों और मोक्ष के मार्ग को समझाया गया है।
संगमम के माध्यम से तिरुक्कुरल की शिक्षाओं और विचारों को व्यापक जनसमुदाय तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी कड़ी में बीएचयू स्थित श्री विश्वनाथ मंदिर में संध्या भजन का आयोजन भी किया गया।
काशी तमिल संगमम के कोऑर्डिनेटर अंचल श्रीवास्तव ने बताया कि बीएचयू की ओर से आयोजित इन प्री-इवेंट गतिविधियों का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को मुख्य आयोजन से जोड़ना है। रंगोली प्रतियोगिता जैसी रचनात्मक गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों और आमजन में संगमम के प्रति उत्साह एवं सहभागिता बढ़ाई जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्य आयोजन से पहले होने वाले इन कार्यक्रमों के माध्यम से काशी और तमिलनाडु की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आपसी जुड़ाव और एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

