काशी तमिल संगमम 5.0 से पहले बीएचयू में सजेगा सांस्कृतिक गतिविधियों का मंच, ‘रन फॉर केटीएस’ से जुड़ेंगे शहरवासी

WhatsApp Channel Join Now
काशी तमिल संगमम 5.0 से पहले बीएचयू में सजेगा सांस्कृतिक गतिविधियों का मंच, ‘रन फॉर केटीएस’ से जुड़ेंगे शहरवासी


—भजन क्लबिंग, नुक्कड़ नाटक, रंगोली और पोस्टर प्रतियोगिताओं के जरिए काशी-तमिलनाडु की साझा विरासत से रूबरू होंगे विद्यार्थी

—इस वर्ष ‘तिरुक्कुरल पयिलवोम – तिरुक्कुरल अभ्यास करें’ होगी संगमम की प्रमुख थीम

वाराणसी, 15 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धर्मनगरी काशी और तमिलनाडु की प्राचीन सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं ज्ञान परंपराओं के संगम का प्रतीक काशी तमिल संगमम 5.0 इस बार भी विविध आयोजनों के साथ नई सांस्कृतिक छटा बिखेरने को तैयार है। मुख्य आयोजन से पहले काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) की ओर से परिसर और शहर में कई सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों के जरिए विद्यार्थियों, युवाओं और आम नागरिकों को काशी तथा तमिलनाडु की साझा विरासत से जोड़ने की पहल की जा रही है।

काशी तमिल संगमम 5.0 का मुख्य आयोजन 28 नवंबर से 12 दिसंबर 2026 तक वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या में प्रस्तावित है। बीएचयू के काशी तमिल संगमम पोर्टल पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, मुख्य आयोजन से पहले विश्वविद्यालय परिसर और शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर विभिन्न प्री-इवेंट कार्यक्रम होंगे।

——भजन क्लबिंग से गूंजेगी काशी और तमिलनाडु की आध्यात्मिक विरासत

प्री-इवेंट कार्यक्रमों में संध्या भजन यानी भजन क्लबिंग विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। इसके माध्यम से काशी और तमिलनाडु की समृद्ध आध्यात्मिक परंपराओं को भक्ति संगीत के एक मंच पर प्रस्तुत करने की योजना है। इसके लिए बीएचयू परिसर स्थित विश्वनाथ मंदिर अथवा अन्य उपयुक्त स्थलों का चयन प्रस्तावित है।

वहीं, नुक्कड़ नाटकों के जरिए दोनों क्षेत्रों की साझा सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक सरोकारों और परंपराओं को आमजन तक पहुंचाया जाएगा। इन नाटकों का मंचन बीएचयू विश्वनाथ मंदिर परिसर, गंगा घाटों और शहर के अन्य सार्वजनिक स्थलों पर प्रस्तावित है।

——रंगोली और पोस्टर प्रतियोगिताओं में उभरेगी सांस्कृतिक एकता की तस्वीर

विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए रंगोली और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें काशी और तमिलनाडु की कला, संस्कृति, परंपरा और आपसी एकता को विषय बनाया जाएगा। विद्यार्थी पारंपरिक और आधुनिक कला शैलियों के माध्यम से दोनों क्षेत्रों की सांस्कृतिक समानताओं को प्रदर्शित करेंगे।

इसके अलावा इंस्टॉलेशन आर्ट और कलात्मक प्रदर्शनियों के आयोजन की भी योजना है। इन गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को अपनी कल्पनाशीलता और कलात्मक अभिव्यक्ति के जरिए सांस्कृतिक विरासत को समझने तथा प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

——‘रन फॉर केटीएस 5.0’ में दौड़ेंगे युवा, एकता का संदेश देंगे शहरवासी

काशी तमिल संगमम को जनभागीदारी का उत्सव बनाने के उद्देश्य से ‘रन फॉर केटीएस 5.0’ का आयोजन भी प्रस्तावित है। इस दौड़ के माध्यम से फिटनेस, एकता और सांस्कृतिक जुड़ाव का संदेश दिया जाएगा। संभावित रूप से दौड़ की शुरुआत बीएचयू परिसर से होगी और इसका मार्ग शहर के किसी प्रमुख सार्वजनिक स्थल तक निर्धारित किया जा सकता है।

इस आयोजन में विद्यार्थियों के साथ शहर के युवाओं और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी है, ताकि काशी तमिल संगमम का संदेश विश्वविद्यालय परिसर से निकलकर पूरे शहर तक पहुंचे।

—तिरुक्कुरल की शिक्षाओं से युवाओं को जोड़ने पर रहेगा जोर

इस वर्ष काशी तमिल संगमम 5.0 की प्रमुख थीम ‘तिरुक्कुरल पयिलवोम – तिरुक्कुरल अभ्यास करें’ निर्धारित की गई है। इसके तहत तमिल साहित्य के प्राचीन और कालजयी ग्रंथ तिरुक्कुरल की शिक्षाओं, नैतिक मूल्यों और जीवन-दर्शन से विद्यार्थियों एवं युवाओं को परिचित कराया जाएगा। इस थीम के माध्यम से प्रेम, सदाचार, कर्तव्य, सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय मूल्यों जैसे विषयों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है। जागरूकता गतिविधियों के जरिए तिरुक्कुरल की प्रासंगिकता को समकालीन जीवन से जोड़ने का प्रयास होगा।

——सांस्कृतिक संबंधों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की पहल

बीएचयू की इन प्री-इवेंट गतिविधियों का उद्देश्य काशी तमिल संगमम को महज एक सांस्कृतिक आयोजन तक सीमित न रखते हुए इसे दो प्राचीन सभ्यताओं के बीच संवाद और संबंधों को मजबूत करने का माध्यम बनाना है। भक्ति संगीत, लोकनाट्य, कला प्रतियोगिताओं और जनभागीदारी वाले आयोजनों के जरिए काशी और तमिलनाडु के सदियों पुराने सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं शैक्षणिक रिश्तों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777648 Articles

Share this story