वाराणसी : काशी तमिल संगमम 5.0: विद्यार्थियों के लिए रचनात्मक एवं शैक्षिक प्रतियोगिता आयाेजित

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी : काशी तमिल संगमम 5.0: विद्यार्थियों के लिए रचनात्मक एवं शैक्षिक प्रतियोगिता आयाेजित


— दूसरे दिन रविवार काे कहानी-कथन, चित्रकला और क्विज प्रतियोगिताओं में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने लिया भाग

वाराणसी, 29 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी में काशी में आयाेजित तमिल संगमम (केटीएस) 5.0 के अंतर्गत ‘तिरुक्कुरल पाईलवोम’ - तिरुक्कुरल अभ्यास करें विषय पर रविवार को विद्यार्थियों के लिए विभिन्न रचनात्मक एवं शैक्षिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों का आयोजन नेशनल बुक ट्रस्ट इंडिया की ओर से बच्चों में पठन-पाठन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किया गया।

कार्यक्रम में सनबीम स्कूल, लहरतारा, मुगलसराय और सारनाथ, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय तथा आर्मी पब्लिक स्कूल सहित विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर कहानी-कथन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने विषय से संबंधित कहानियों के माध्यम से अपनी रचनात्मकता और अभिव्यक्ति कौशल का प्रदर्शन किया। इसके बाद चित्रकला और क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिता के दौरान नेशनल बुक ट्रस्ट की ओर से एक परिचयात्मक सत्र भी आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों को ट्रस्ट की गतिविधियों और पहलों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही, उन्हें राष्ट्रीय ई-पुस्तकालय से परिचित कराया गया, जिसमें बच्चों के लिए 7,000 से अधिक निःशुल्क ई-पुस्तकें उपलब्ध हैं। इस पहल का उद्देश्य बच्चों में पढ़ने की रुचि विकसित करना तथा उन्हें डिजिटल माध्यम से ज्ञानवर्धक और गुणवत्तापूर्ण साहित्य उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम का समन्वय नेशनल बुक ट्रस्ट की ओर से तनुजा ने किया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को साहित्य, कला और ज्ञान से जुड़ने के साथ-साथ काशी और तमिलनाडु की सांस्कृतिक विरासत को जानने का अवसर मिला।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785172 Articles

Share this story