युवा कारोबारी मनीष सिंह की पीट-पीट कर हत्या मामले में दो आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
युवा कारोबारी मनीष सिंह की पीट-पीट कर हत्या मामले में दो आरोपित गिरफ्तार


—प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने दुख जता सरकार को निशाने पर लिया

वाराणसी, 27 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जनपद के फूलपुर थाना क्षेत्र के घमहापुर में कार से महिला को टक्कर लगने के बाद आक्रोशित परिजनों और आसपास के लोगों ने कार चालक कारोबारी को पीट-पीटकर मार डाला। इस मामले में सोमवार को फूलपुर पुलिस ने आठ आरोपितों में से दो घमहापुर निवासी हरिश्चंद्र पुत्र स्व0 सूरत और योगेंद्र प्रजापति पुत्र लालचंद को गिरफ्तार कर लिया।

डीसीपी गोमती जोन कार्यालय के अनुसार, घटना के संबंध में 11 संदिग्ध व्यक्तियों को पूछताछ के लिए पुलिस हिरासत में लिया गया है। पूछताछ के उपरांत अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। शेष अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच एवं थाना फूलपुर की संयुक्त टीम गठित कर लगातार दबिश दी जा रही है।

बताते चले घमहापुर भरथरा गांव के रहने वाले मनीष सिंह देर शाम अपने कारखाने से घर लौट रहे थे। घर से करीब 5 किलोमीटर दूर इंडस्ट्रियल एरिया में उनकी दोना-पत्तल बनाने की फैक्ट्री है। घमहापुर में वह कार से पहुंचे ही थे कि अचानक कार के सामने बरतन मांज रही बिंदु प्रजापति नाम की महिला आ गई। मनीष ने वाहन का ब्रेक लगाया तब तक महिला को टक्कर लग गई। मनीष ने तत्काल कार रोकी और महिला के पास गए। वह महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए गांव के लोगों को पुकारने लगे। तब तक वहां पहुंचे महिला के परिजनों और पड़ोसियों ने मनीष को ईंट पत्थर के साथ लात घूंसों से मारने लगे। गंभीर रूप से घायल मनीष सड़क पर तड़पते रहे और कुछ ही देर में उन्होंने दम तोड़ दिया।

उधर,इस मामले को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने भी दुख जताया । कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने अपने सोशल मीडिया के अधिकृत अकाउंट 'एक्स' पर लिखा कि वाराणसी के फूलपुर घमहापुर (पिंडरा विधानसभा ) में व्यसायी मनीष सिंह की निर्मम हत्या की खबर सुनकर स्तब्ध हूं। पिंडरा मेरा परिवार है, और अपने परिवार के सदस्य के साथ ऐसी दरिंदगी मै बर्दाश्त नही करूंगा। सरेआम पीट—पीट कर हत्या कर देना बताता है कि यूपी में 'कानून का राज'नही, जंगलराज है। अपराधियों के हौसले इतने बुलंद क्यों है ?

पुलिस प्रशासन से मांग है कि सभी दोषियों पर ऐसी कठोरतम कार्रवाही हो जो नजीर बने। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हम सड़क से संसद तक लड़ेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story