कारगिल योद्धा सिपाही अलीम अली और हवलदार अजय कुमार सिंह ने सुनाई शौर्य की गाथा

WhatsApp Channel Join Now
कारगिल योद्धा सिपाही अलीम अली और हवलदार अजय कुमार सिंह ने सुनाई शौर्य की गाथा


कारगिल योद्धा सिपाही अलीम अली और हवलदार अजय कुमार सिंह ने सुनाई शौर्य की गाथा


—27वाँ कारगिल विजय दिवस जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय वाराणसी में उत्साह से मनाया गया

वाराणसी, 26 जुलाई (हि.स.)। कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ पर रविवार को उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद के जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय में वीर शहीदों की स्मृति में श्रद्धांजलि एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में ग्रुप कैप्टन अशोक पांडेय वायु सेना मेडल (वीरता) (सेवानिवृत) की अगुवाई में कारगिल युद्ध में देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।

जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ने शहीद सैनिकों के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में वाराणसी के दो कारगिल योद्धा सिपाही अलीम अली, हवलदार अजय कुमार सिंह तथा वीर नारी प्रमिला देवी को माल्यार्पण कर अंगवस्त्र भेंट किया गया। कार्यक्रम में कारगिल योद्धा सिपाही अलीम अली, हवलदार अजय कुमार सिंह ने युद्ध के दौरान अपने अनुभव को साझा किया। अन्य वक्ताओं ने भी वीर सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य, त्याग और बलिदान को याद करते हुए कहा कि भारतीय सेना के वीर जवानों ने विपरीत परिस्थितियों में भी अद्भुत वीरता का परिचय देते हुए देश की सीमाओं की रक्षा की और राष्ट्र का गौरव बढ़ाया।

इस अवसर पर उपस्थित समस्त सैनिकों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने तथा वीर सैनिकों के बलिदान और उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया गया। सेवानिवृत ग्रुप कैप्टन अशोक पांडेय, जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी ने भी भारतीय सेना के तीनों अंगों के शौर्य को बताया। कहा कि कारगिल युद्ध के दौरान जो अदम्य साहस और वीरता का परिचय दिया गया वह स्तुत्य है। उन्होंने तथा कार्यक्रम में उपस्थित लगभग 150 भूतपूर्व सैनिक/आश्रितों ने देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके बलिदान को सदैव स्मरण रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान ग्रुप कैप्टन अशोक पांडेय, जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी ने पूर्व सैनिकों के साथ कार्यालय परिसर में एक पेड़ मां के नाम योजना के पौधारोपण भी किया।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story