श्रीकालभैरवाष्टमी पर एक दिसंबर को मनेगा बाबा का प्राकट्य दिवस, हाेंगे विविध धार्मिक अनुष्ठान

WhatsApp Channel Join Now
श्रीकालभैरवाष्टमी पर एक दिसंबर को मनेगा बाबा का प्राकट्य दिवस, हाेंगे विविध धार्मिक अनुष्ठान


वाराणसी,29 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में भैरवाष्टमी पर आगामी एक दिसंबर को काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव का प्राकट्य दिवस यानी श्रीकाल भैरवाष्टमी श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर काल भैरव मंदिर में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा। बाबा का विशेष श्रृंगार, विधि-विधान से पूजन-अर्चन एवं आरती की जाएगी। प्राकट्य दिवस को लेकर मंदिर में विशेष तैयारियां की जाएंगी। इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जिसे देखते हुए दर्शन-पूजन के साथ सुरक्षा की भी चाकचौबंद व्यवस्था रहेगी। महोत्सव की शुरूआत ब्रह्म मुहूर्त में बाबा के पंचाभिषेक से होगा। रविवार को यह जानकारी मंदिर के पुजारी राजेश मिश्र ने दी। उन्होंने बताया कि सिंदूर अर्पण के बाद बाबा के विग्रह को नवीन वस्त्र और मुखौटा भी धारण कराकर फूल मालाओं और आभूषणों से भव्य झांकी सजाई जाएगी। इसके बाद मध्याह्न में भोग श्रृंगार किया जाएगा। रात्रि 11 बजे बाबा के जन्म का दर्शन होगा। इस अवसर पर पूरे मंदिर परिसर और मंदिर परिसर में आने वाले मार्ग को भी फूलों और अशोक की पत्तियों से सजाया जायगा।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785226 Articles

Share this story