फार्मर रजिस्ट्री एवं फैमिली आईडी बनाने के कार्य में तेजी लाएं : जिलाधिकारी
वाराणसी,09 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में ग्राम्य विकास विभाग की समीक्षा बैठक गुरुवार शाम कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। बैठक में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने फार्मर रजिस्ट्री एवं फैमिली आईडी बनाने की धीमी गति पर नाराजगी जताई।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अवशेष कृषक की सूची खंड विकास अधिकारीगण को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने इन कार्यो को सहायक पंचायत के माध्यम से 30 जुलाई तक पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए कि पंचायत सहायक के वेतन देने से पूर्व उनके द्वारा कराए गए कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत करें। जीरो पॉवर्टी की समीक्षा करते हुए खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि पॉवर्टी सूची में दर्ज पात्र परिवारों का नियमानुसार मुख्यमंत्री आवास योजना में रजिस्ट्रेशन करें। समूह गठन की धीमी प्रगति पर उन्होंने खंड विकास अधिकारियों को शासन से प्राप्त लक्ष्य समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

