वाराणसी में वृक्षारोपण अभियान में सूख गए पौधों के स्थान पर पुन: पौधारोपण होगा

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी में वृक्षारोपण अभियान में सूख गए पौधों के स्थान पर पुन: पौधारोपण होगा


—जिला स्तरीय समितियों की बैठक में वाराणसी को स्वच्छ, हरित एवं प्रदूषण मुक्त बनाने के निर्देश

वाराणसी, 16 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में वृक्षारोपण अभियान के दौरान लगाए गए पौधे के सूख जाने पर उनके स्थान पर अब नया पौधा लगाया जाएगा। पौधों की उत्तरजीविता बढ़ाने के लिए जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने यह निर्देश दिया है।

मंगलवार को जिला स्तरीय समितियों की बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद में पर्यावरण संरक्षण, गंगा संरक्षण एवं वृक्षारोपण कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पर्यावरण समिति, जिला गंगा समिति एवं जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के वृक्षारोपण लक्ष्यों, रोपण स्थलों की तैयारी तथा पूर्व वर्षों में लगाए गए पौधों के सत्यापन एवं संरक्षण कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में नगर निगम के 4-स्तरीय वेस्ट सेग्रीगेशन व्यवस्था के अंतर्गत 30 हजार डस्टबिन वितरित किए जाने, लिगेसी वेस्ट के निस्तारण, ई-वेस्ट प्रबंधन तथा प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। जिलाधिकारी ने वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए 11 वाटर स्प्रिंक्लर एवं एक मिस्ट गन के संचालन तथा धूल नियंत्रण के लिए मैकेनाइज्ड स्वीपिंग व्यवस्था को और सुदृढ़ किए जाने पर बल दिया। जिला गंगा समिति की बैठक में अस्सी घाट पर प्रस्तावित मैकैनाइज़्ड पार्किंग, मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक पार्क से संबंधित प्रस्तावों तथा वरुणा नदी में चल रहे डिसिल्टिंग कार्यों की समीक्षा के दौरान गंगा एवं उसकी सहायक नदियों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन के लिए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी स्वाति सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story