एबीएसए के साथ समन्वय स्थापित कर नवीन नामांकन में और अधिक वृद्धि करें नवागत बीएसए : सत्येन्द्र कुमार

WhatsApp Channel Join Now
एबीएसए के साथ समन्वय स्थापित कर नवीन नामांकन में और अधिक वृद्धि करें नवागत बीएसए : सत्येन्द्र कुमार


—जिलाधिकारी ने की बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग की योजनाओं की समीक्षा,नामांकन प्रतिशत बढ़ाने पर जोर

वाराणसी, 22 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जनपद के जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति, जिला शिक्षा परियोजना समिति एवं जिला शिक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने शिक्षा की गुणवत्ता, छात्र नामांकन, आधारभूत सुविधाओं एवं शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।

बैठक में सर्वप्रथम विगत बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को लंबित बिंदुओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने खासतौर पर स्कूल चलो अभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि कोई भी पात्र बच्चा विद्यालय से वंचित न रहे। उन्होंने नवागत बेसिक शिक्षा अधिकारी से कहा कि एबीएसए के साथ समन्वय स्थापित करते हुए नवीन नामांकन में और अधिक वृद्धि सुनिश्चित की जाए। नामांकन अभियान को जनसहभागिता के माध्यम से और प्रभावी बनाने पर विशेष बल दिया गया।

जिलाधिकारी ने बालवाटिका संचालन, निपुण भारत मिशन एवं निपुण मूल्यांकन कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए शिक्षण गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने तथा आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान के लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों के नियमित निरीक्षण एवं शैक्षणिक अनुश्रवण को और प्रभावी बनाने पर बल दिया। बैठक में मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालयों के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। प्राथमिक विद्यालयों में चहारदीवारी निर्माण की स्थिति, सुरक्षित वातावरण की उपलब्धता तथा विद्यालय परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष चर्चा की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह एवं बेसिक शिक्षा अधिकारी भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story