ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस की सुरक्षा को लेकर डीएम सख्त, शिफ्टवार तैनात होंगे सुरक्षा गार्ड

WhatsApp Channel Join Now
ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस की सुरक्षा को लेकर डीएम सख्त, शिफ्टवार तैनात होंगे सुरक्षा गार्ड


—सीसीटीवी कैमरों से होगी बाहरी सुरक्षा की सतत निगरानी, निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश

वाराणसी, 30 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शुक्रवार को विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में तहसील सदर स्थित निर्वाचन कार्यालय के ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयरहाउस में रखी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) और वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस के चारों ओर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की संख्या, उनकी कार्यशीलता एवं स्थिति की जानकारी ली। इसके साथ ही कंट्रोल रूम, प्रत्येक कक्ष में विद्युत आपूर्ति, खिड़कियों एवं रोशनदानों की सुरक्षा सहित अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने वेयरहाउस के बाहरी हिस्से में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ईवीएम और वीवीपैट वेयरहाउस की सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सुरक्षा गार्डों की शिफ्टवार तैनाती तथा उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने उप जिला निर्वाचन अधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान एडीएम प्रशासन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी पंकज कुमार सहित निर्वाचन कार्यालय के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769436 Articles

Share this story