जदयू ने यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर किया मंथन, वाराणसी की आठों सीटों पर संगठन विस्तार का निर्णय

WhatsApp Channel Join Now
जदयू ने यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर किया मंथन, वाराणसी की आठों सीटों पर संगठन विस्तार का निर्णय


—नीतीश कुमार के सुशासन मॉडल को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर, विशेष चुनाव समिति गठित करने का फैसला

वाराणसी, 22 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के मद्देनजर जनता दल (यूनाइटेड) की वाराणसी इकाई ने रविवार को तेलियाबाग स्थित पटेल धर्मशाला में संगठनात्मक बैठक एवं कार्यकर्ता सम्मान समारोह आयोजित किया। बैठक में संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान और आगामी चुनाव की रणनीति पर विस्तार से मंथन किया गया। साथ ही वाराणसी की सभी आठों विधानसभा सीटों पर पार्टी की सक्रियता बढ़ाने तथा चुनावी तैयारियों के समन्वय के लिए विशेष चुनाव समिति गठित करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं जदयू के वरिष्ठ नेता नीतीश कुमार के सुशासन मॉडल, उनकी नीतियों और विचारधारा पर विशेष चर्चा हुई। वक्ताओं ने शराबबंदी, नशामुक्ति अभियान, कानून-व्यवस्था, महिला सशक्तीकरण, सामाजिक विकास और प्रशासनिक जवाबदेही को उनके शासन मॉडल के प्रमुख पहलू बताते हुए इन विचारों को उत्तर प्रदेश के जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया। साथ ही विभिन्न राज्यों में सामाजिक सुधार और प्रभावी प्रशासन को लेकर नीतिगत संवाद एवं अनुभवों के आदान-प्रदान की आवश्यकता जताई गई।

आगामी चुनाव को लेकर बैठक में तय किया गया कि वाराणसी की आठों विधानसभा क्षेत्रों में घर-घर जनसंपर्क अभियान चलाकर पार्टी की नीतियों एवं नीतीश कुमार के जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। इसके लिए सदस्यता अभियान तेज करने, नए लोगों को संगठन से जोड़ने तथा गांव, मोहल्ले, वार्ड और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर सहमति बनी। कार्यकर्ताओं एवं बूथ स्तरीय सम्मेलनों के आयोजन पर भी चर्चा हुई।

चुनावी गतिविधियों को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने के लिए गठित होने वाली विशेष चुनाव समिति संगठन विस्तार, जनसंपर्क, कार्यकर्ता समन्वय और क्षेत्रीय बैठकों की जिम्मेदारी संभालेगी। बैठक में यह संकल्प भी लिया गया कि पार्टी केवल चुनाव के समय ही नहीं, बल्कि निरंतर जनता के बीच रहकर सामाजिक एवं जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाएगी।

इस दौरान 1 नवंबर को आयोजित पार्टी के सफल कार्यक्रम में योगदान देने वाले पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को पार्टी का झंडा और टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं को संगठन की असली ताकत बताते हुए उनके समर्पण और मेहनत की सराहना की।

बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष सुशील कश्यप, वाराणसी जिलाध्यक्ष ब्रह्मचारी पटेल, प्रदेश महासचिव सुशील पटेल, नंदलाल पटेल, संजय वर्मा, संजय कुमार सिंह, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी देवनाथ यादव, बेचू राम पटेल सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781611 Articles

Share this story