राजनीति का उद्देश्य सत्ता नहीं, जनसेवा और समस्याओं का समाधान होना चाहिए : निशांत कुमार
—काशी में जदयू का शक्ति प्रदर्शन, राज्य स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में उत्तर प्रदेश में संगठन विस्तार का आह्वान
——बिहार के विकास मॉडल को यूपी के गांव-गांव और बूथ-बूथ तक पहुंचाने का संकल्प, विजय कुमार राजभर समर्थकों संग जदयू में शामिल
वाराणसी, 01 नवंबर (हि.स.)। बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार ने कहा कि राजनीति का उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं को समझना, उनका समाधान करना और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। सामाजिक न्याय का वास्तविक अर्थ है कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान और समान अवसर मिले, जबकि सुशासन का मतलब सरकारी व्यवस्था को पारदर्शी और जवाबदेह बनाना है।
निशांत कुमार रविवार को जनता दल (यूनाइटेड) की ओर से लोहता-कोरौता स्थित रामलीला मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। सम्मेलन में बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं के बीच उन्होंने उत्तर प्रदेश में पार्टी के संगठनात्मक विस्तार का आह्वान किया। साथ ही बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों को प्रदेश के गांव-गांव और बूथ-बूथ तक पहुंचाने की अपील की।
——सामाजिक न्याय और सुशासन जदयू की राजनीति का मूल आधार
निशांत कुमार ने कहा कि जनता दल यूनाइटेड महात्मा गांधी, डॉ. भीमराव अंबेडकर और अन्य महान समाज सुधारकों के विचारों से प्रेरित पार्टी है। सामाजिक न्याय, न्याय के साथ विकास और सुशासन पार्टी की राजनीति के मूल आधार हैं। उन्होंने कहा कि उनके पिता नीतीश कुमार ने उन्हें सिखाया है कि राजनीति पद और प्रतिष्ठा हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा का कार्य है। उन्होंने बिहार में वर्ष 2005 के बाद से हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले दो दशकों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, ऊर्जा, रोजगार, महिला सशक्तिकरण और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। पिछड़े, दलित, महादलित, अल्पसंख्यक, युवा, किसान और महिलाओं के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं संचालित की गई हैं।
——बिहार के विकास मॉडल को यूपी के बूथों तक पहुंचाने की अपील
निशांत कुमार ने कार्यकर्ताओं से कहा कि बिहार में वर्ष 2005 के बाद नीतीश कुमार के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों और सुशासन की कार्यप्रणाली को उत्तर प्रदेश के प्रत्येक बूथ तक पहुंचाना होगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर विकास, सामाजिक न्याय और सुशासन के संदेश को मजबूत करें।
——स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण पर विशेष जोर
स्वास्थ्य सेवाओं का उल्लेख करते हुए निशांत कुमार ने कहा कि बिहार में अस्पतालों के निर्माण, चिकित्सकों की नियुक्ति, मुफ्त दवा एवं जांच की सुविधा और मेडिकल कॉलेजों के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया गया है। स्वास्थ्य मंत्री के रूप में उनकी प्राथमिकता राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाना तथा आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
महिला सशक्तिकरण पर उन्होंने कहा कि बिहार में पंचायती राज संस्थाओं और नगर निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण तथा सरकारी नौकरियों में आरक्षण की व्यवस्था से महिलाओं की राजनीतिक और सामाजिक भागीदारी मजबूत हुई है।
——संजय झा बोले- 2005 के बाद बदली बिहार की तस्वीर
जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं सांसद संजय झा ने कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में नीतीश कुमार ने वर्ष 2005 के बाद बिहार की दशा और दिशा बदलने का ऐतिहासिक कार्य किया। बिहार सरकार के वरिष्ठ मंत्री एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी श्रवण कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में हुए विकास कार्यों ने देश के सामने सुशासन और विकास का एक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
——विजय कुमार राजभर समर्थकों के साथ जदयू में शामिल
सम्मेलन के दौरान सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष विजय कुमार राजभर अपने समर्थकों के साथ जनता दल यूनाइटेड में शामिल हुए। इसे उत्तर प्रदेश में पार्टी के संगठनात्मक विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम को बिहार सरकार के मंत्री मोहम्मद जमा खान और उत्तर प्रदेश जदयू के प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने उत्तर प्रदेश में पार्टी के संगठन को मजबूत करने, बिहार के विकास मॉडल को प्रदेश में लागू करने तथा सामाजिक न्याय, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इसके साथ ही वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर भी चर्चा की गई।
——कई जिलों से पहुंचे कार्यकर्ता और वरिष्ठ नेता
सम्मेलन की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश जदयू के प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल ने की। इस अवसर पर बिहार के सांसद कौशलेंद्र कुमार और सुनील कुमार, वरिष्ठ नेता एवं विधायक, पूर्व मंत्री संतोष कुमार निराला, विधायक राहुल सिंह, विजय मांझी, अजीत चौधरी, अमरेंद्र पांडेय, प्रदेश उपाध्यक्ष सुशील कश्यप, शालिनी पटेल, काशी हिंदू विश्वविद्यालय के डॉ. श्वेतांक मिश्र तथा वाराणसी के जिला अध्यक्ष ब्रह्मचारी पटेल सहित अनेक नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सम्मेलन में वाराणसी, भदोही, जौनपुर, चंदौली, गाजीपुर, सहारनपुर और मुजफ्फरनगर समेत उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में जदयू के संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

