जनगणना के प्रति जागरूकता बढ़ाने को मच्छोदरी स्मार्ट स्कूल में निकली रैली, रंगोली से दिया सहभागिता का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
जनगणना के प्रति जागरूकता बढ़ाने को मच्छोदरी स्मार्ट स्कूल में निकली रैली, रंगोली से दिया सहभागिता का संदेश


वाराणसी, 05 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी शहर में जनगणना के महत्व और इसकी उपयोगिता के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से नगर निगम वाराणसी की ओर से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को मच्छोदरी स्मार्ट स्कूल में जनगणना जागरूकता रैली एवं रंगोली कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अपर नगर आयुक्त बरखा सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की और लोगों को जनगणना के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने जागरूकता रैली निकालकर जनगणना में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। वहीं, रंगोली के माध्यम से जनगणना के महत्व को आकर्षक एवं रचनात्मक तरीके से प्रदर्शित किया गया। रंगों के जरिए विद्यार्थियों ने यह संदेश दिया कि देश के विकास और बेहतर भविष्य की योजनाओं के निर्माण में जनगणना की महत्वपूर्ण भूमिका है।

इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त बरखा सिंह ने विद्यार्थियों को जनगणना की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े देश की जनसंख्या की वास्तविक स्थिति, सामाजिक एवं आर्थिक परिस्थितियों को समझने के साथ ही विकास योजनाओं के निर्माण और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण आधार प्रदान करते हैं। उन्होंने जनगणना के दौरान प्रत्येक नागरिक से सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने और इसमें सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।

नगर निगम की ओर से बताया गया कि जनगणना के प्रति व्यापक जनजागरूकता विकसित करने के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मच्छोदरी स्मार्ट स्कूल में आयोजित यह आयोजन भी इसी अभियान की एक महत्वपूर्ण कड़ी रहा। कार्यक्रम में जोनल अधिकारी पवन गुप्ता, प्रधानाध्यापिका रीता यादव सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने जनगणना के प्रति जागरूकता फैलाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772689 Articles

Share this story