मार्कंडेय महादेव धाम में कुल्हड़ न डालने की अपील, बच्चों ने निकाली जन चेतना रैली

WhatsApp Channel Join Now
मार्कंडेय महादेव धाम में कुल्हड़ न डालने की अपील, बच्चों ने निकाली जन चेतना रैली


वाराणसी,23 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी जिले के गंगा गोमती संगम तट पर कैथी (चौबेपुर थाना क्षेत्र) स्थित मार्कंडेय महादेव धाम के गर्भगृह और अरघे में मिट्टी और प्लास्टिक के जल पात्र छोड़ देने की दूषित परम्परा के खिलाफ शनिवार को बच्चों ने जन चेतना रैली निकाली। सामाजिक संस्था आशा ट्रस्ट के भंदहा कला प्रशिक्षण केंद्र से कैथी गाँव होते हुए मन्दिर तक दर्शनाथियों से बच्चों ने गुहार लगाई कि गर्भगृह और अरघे में मिट्टी या प्लास्टिक के जलपात्र को न छोड़ें, उसे बाहर निर्धारित सुरक्षित स्थान पर रखें।

यात्रा का संयोजन कर रहे अमित कुमार ने बताया कि यह अकेला देवालय है जहाँ लोग अभिषेक के बाद जल पात्र को अरघे के अंदर ही डाल देते हैं, जो बहुत ही दूषित परम्परा है और इससे बुरा सन्देश जाता है।

छात्रा सेजल यादव ने कहा कि अगर धातु के पात्र से जलाभिषेक करते हैं तो पात्र साथ ले जाते हैं, फिर मिट्टी और प्लास्टिक के जल पात्र को अरघे में क्यों छोड़ते हैं। चेतना रैली के संयोजन में अवनीश, सौरभ चन्द्र, अमृता, सनी, अमित कुमार आदि शामिल रहे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story