वाराणसी के अखरी-भिखारीपुर मार्ग पर जलभराव की समस्या होगी दूर,14.89 करोड़ से बनेगी स्टॉर्म वाटर ड्रेन लाइन

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी के अखरी-भिखारीपुर मार्ग पर जलभराव की समस्या होगी दूर,14.89 करोड़ से बनेगी स्टॉर्म वाटर ड्रेन लाइन


- 4.5 किलोमीटर लंबी ड्रेनेज परियोजना का निर्माण कार्य प्रगति पर, नगर निगम और पीडब्ल्यूडी का संयुक्त प्रयास

वाराणसी, 05 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित अखरी-भिखारीपुर मार्ग (वाराणसी-अदलपुरा-चुनार मार्ग) पर बारिश के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर निगम और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने संयुक्त प्रयास किया है। पीडब्ल्यूडी की ओर से यहां पर 14.89 करोड़ रुपये की लागत से स्टॉर्म वाटर ड्रेन लाइन का निर्माण कराया जा रहा है। करीब 04.5 किलोमीटर लंबी इस परियोजना का कार्य वर्तमान में प्रगति पर है। विभाग का दावा है कि निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र में जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा।

पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड-1 के अधिशासी अभियंता आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि अखरी-भिखारीपुर मार्ग के आसपास तेजी से विकसित हो रहे शहरी क्षेत्र के कारण पर्याप्त ड्रेनेज व्यवस्था उपलब्ध नहीं है। इसके चलते बारिश के दौरान सड़क पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए स्टॉर्म वाटर ड्रेन लाइन परियोजना स्वीकृत की गई है। उन्होंने बताया कि हाल ही में आए अर्णव चक्रवात के कारण मार्ग पर दोबारा जलभराव की स्थिति पैदा हो गई थी। इसके तत्कालिक समाधान के लिए नगर निगम और लोक निर्माण विभाग ने संयुक्त रूप से लगातार पंपिंग की व्यवस्था कराई और सड़क से पानी की निकासी कराई गई।

अधिशासी अभियंता के अनुसार, मार्ग के दोनों ओर रहने वाले कुछ स्थानीय निवासियों द्वारा अपने भवनों के बेसमेंट और खाली प्लॉटों का पानी भी सड़क पर बहाया जा रहा है। इस समस्या को देखते हुए तत्काल कार्रवाई करते हुए जलनिकासी की व्यवस्था कराई जा रही है। वहीं, जलभराव के कारण सड़क पर बने गड्ढों की मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग की क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) गठित की गई है। यह टीम प्रतिदिन मौके पर पहुंचकर गड्ढों की मरम्मत का कार्य कर रही है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772689 Articles

Share this story