वाराणसी : पैनल सर्विसिंग के चलते रविवार शाम शहर में बाधित रहेगी जल आपूर्ति
वाराणसी, 21 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में जलकल विभाग की ओर से भदैनी स्थित इन्टेकवेल पर बिजली के पैनलों के रखरखाव और सर्विसिंग कार्य कराया जाना है। इसके चलते 22 फरवरी रविवार की शाम जलकल विभाग, भेलूपुर से होने वाली जलापूर्ति पूरी तरह बाधित रहेगी। यह जानकारी शनिवार को जलकल विभाग के सचिव ने दी।
उन्होंने बताया कि भदैनी इन्टेकवेल में स्थित 33 केवी एवं 11 केवी बिजली पैनलों की सर्विसिंग का कार्य अनिवार्य है। सुचारू विद्युत आपूर्ति और भविष्य में मोटर संचालन में कोई तकनीकी बाधा न आए, इसके लिए यह शटडाउन लिया गया है। इस कार्य के कारण भेलूपुर जल संस्थान से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में शाम के समय नलों से पानी नहीं आएगा। उन्होंने नागरिकों से रविवार सुबह ही अपनी आवश्यकतानुसार पानी का भंडारण (स्टोरेज) कर लेने की अपील की है ताकि शाम को होने वाली कटौती से असुविधा न हो।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

