भारतीय तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा ने काशी में मां गंगा का पूजन किया, देखी भव्य गंगा आरती

WhatsApp Channel Join Now




वाराणसी, 05 जून (हि.स.)। भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा ने शुक्रवार को धर्मनगरी काशी पहुंचकर मां गंगा का विधिवत पूजन-अर्चन किया और विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती में शामिल होकर आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया।

शाम को दशाश्वमेधघाट पर आयोजित गंगा पूजन में गंगा सेवा निधि के अर्चकों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच ईशांत शर्मा से मां गंगा की विशेष पूजा कराई। पूजन के बाद उन्होंने घाट पर आयोजित भव्य गंगा आरती का दर्शन किया। इस दौरान वह आम श्रद्धालुओं के बीच बैठकर पूरी श्रद्धा और एकाग्रता के साथ आरती के दिव्य एवं आध्यात्मिक स्वरूप को निहारते रहे।

गंगा आरती के उपरांत गंगा सेवा निधि के पदाधिकारियों ने ईशांत शर्मा को स्मृति चिह्न और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। ईशांत शर्मा ने गंगा सेवा निधि के विजिटर बुक में लिखा कि मां गंगा की आरती देख और आशीर्वाद लेकर दिव्यता की अनुभूति हो रही है और आप सभी का शुक्रिया। इस दौरान वे दशाश्वमेध घाट पर लगभग एक घंटे तक मौजूद रहे। श्रद्धालु अपने बीच ईशांत शर्मा को देख काफी उत्साहित नजर आए। खास बात यह है कि ईशांत शर्मा दशाश्वमेध घाट पर मां गंगा की आरती में इससे पूर्व दो बार शामिल हो चुके हैं।

इसके पूर्व ईशांत शर्मा ने काशी के कोतवाल माने जाने वाले कालभैरव मंदिर में भी दर्शन-पूजन किया। मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद उन्होंने लगभग आधे घंटे तक ॐ नमः शिवाय मंत्र का जाप किया और भगवान शिव की आराधना में लीन रहे। आईपीएल 2025 सीजन समाप्त होने के बाद वाराणसी पहुंचे ईशांत शर्मा का खेल प्रेमियों और स्थानीय क्रिकेट प्रशंसकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। उल्लेखनीय है कि उनका वाराणसी से पारिवारिक संबंध भी है। उन्होंने बनारस के शिवपुर क्षेत्र की निवासी एवं भारतीय महिला बास्केटबॉल टीम की पूर्व कप्तान प्रतिमा सिंह से विवाह किया है। प्रतिमा सिंह प्रसिद्ध सिंह सिस्टर्स परिवार की सदस्य हैं, जिनकी बहनों ने भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व किया है। क्रिकेट करियर की बात करें तो ईशांत शर्मा हाल ही में गुजराज टाइटंस का हिस्सा रहे, हालांकि उन्हें इस सीजन में खेलने का अवसर नहीं मिला। भारत के लिए उन्होंने 105 टेस्ट मैचों की 188 पारियों में 311 विकेट हासिल किए हैं, जबकि 80 एकदिवसीय मैचों में 115 विकेट अपने नाम किए हैं। ईशांत ने अपना अंतिम टेस्ट मैच वर्ष 2021 में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। इसके बाद से वह भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story