वाराणसी में जेपी मेहता ग्राउंड पर बनेगा अंतरराष्ट्रीय स्तर का बास्केटबॉल कोर्ट

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी में जेपी मेहता ग्राउंड पर बनेगा अंतरराष्ट्रीय स्तर का बास्केटबॉल कोर्ट


—​खेलो इंडिया की तर्ज पर नगर निगम ने लिया निर्णय, महिला व पुरुष खिलाड़ियों के लिए अलग सुविधा,​ड्राइंग-डिजाइन तैयार करने में जुटा इंजीनियरिंग विभाग

वाराणसी, 04 फरवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'खेलो इंडिया' और 'फिट इंडिया' अभियान से प्रेरणा लेते हुए वाराणसी नगर निगम ने शहर के उभरते बास्केटबॉल खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। नगर निगम प्रशासन ने कचहरी के समीप स्थित जेपी मेहता इंटर कॉलेज के खेल मैदान पर बास्केटबॉल (महिला एवं पुरुष) कोर्ट का निर्माण कराने का निर्णय लिया है। गत दिनों नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने जेपी मेहता इंटर कॉलेज का निरीक्षण कर इस परियोजना को धरातल पर उतरने का निर्देश दिया था। वहीं, नगर निगम की कार्यकारिणी से भी परियोजना को अब हरी झंड़ी मिल चुकी है ।

नगर निगम के जनसम्पर्क कार्यालय के अनुसार सामान्य अभियांत्रिकी विभाग ने इस परियोजना पर काम भी शुरू कर दिया है। वर्तमान में विभाग विशेषज्ञों की मदद से कोर्ट का विस्तृत ड्राइंग और डिजाइन तैयार करने में जुटा है। इस कोर्ट को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा, जिसमें सिंथेटिक सरफेस, फ्लड लाइट्स और दर्शकों के बैठने की उचित व्यवस्था होगी। महिला और पुरुष खिलाड़ियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यहां चेंजिंग रूम और अन्य बुनियादी ढांचे का निर्माण भी प्रस्तावित है। जेपी मेहता ग्राउंड शहर के मध्य में स्थित होने के कारण बास्केटबॉल खिलाड़ियों के लिए सबसे पसंदीदा अभ्यास स्थल रहा है। बास्केटबॉल कोर्ट से न केवल स्थानीय खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बेहतर स्थान मिलेगा, बल्कि शहर में खेल संस्कृति को भी नया विस्तार मिलेगा।

महापौर अशोक तिवारी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संकल्प है कि हर हाथ में खेल हो और हर खिलाड़ी को समान अवसर मिले। वहीं, बास्केटबॉल की अपार प्रतिभाएं हैं, जिन्हें बस एक अच्छे मंच की तलाश है। जेपी मेहता इंटर कॉलेज के ग्राउंड पर बनने वाला यह कोर्ट युवाओं को समर्पित है। डिजाइन फाइनल होते ही निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कराया जाएगा। नगर निगम काशी के हर खेल और हर खिलाड़ी के साथ खड़ा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story