आईजीआरएस के अप्रैल माह के जारी रैंकिग में वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट प्रदेश में अव्वल

WhatsApp Channel Join Now
आईजीआरएस के अप्रैल माह के जारी रैंकिग में वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट प्रदेश में अव्वल


—पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी लगातार पिछले 06 माह से प्रदेश में पहले स्थान पर

वाराणसी ,08 मई (हि.स.)। पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी ने आईजीआरएस की अप्रैल माह की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में एक बार फिर पहला स्थान हासिल किया है। खास बात यह है कि कमिश्नरेट लगातार पिछले छह माह से प्रदेश में शीर्ष स्थान पर बना हुआ है, जो शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

यह जानकारी शुक्रवार को पुलिस कमिश्नर कार्यालय के सोशल मीडिया सेल की ओर से दी गई। बताया गया कि पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देशन में जनसुनवाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कमिश्नरेट स्तर पर आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा और प्रभावी मॉनिटरिंग की जाती है। शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक प्रकरण पर सतत निगरानी रखी जाती है।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल स्वयं प्रत्येक सप्ताह आईजीआरएस मामलों की विस्तृत समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हैं। साथ ही शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जाता है। लगातार छह माह तक प्रदेश में प्रथम स्थान बनाए रखना कमिश्नरेट वाराणसी की प्रभावी कार्यप्रणाली, जवाबदेही और जनकेंद्रित पुलिसिंग का प्रमाण माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story