देश की प्रत्येक बेटी को सुरक्षा प्रदान करने के लिए एचपीवी टीकाकरण जरूरी : जिलाधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
देश की प्रत्येक बेटी को सुरक्षा प्रदान करने के लिए एचपीवी टीकाकरण जरूरी : जिलाधिकारी


—वाराणसी में पात्र बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण के लिए अभियान

वाराणसी, 22 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में पात्र बालिकाओं को एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण के लिए अभियान चलाया जा रहा है। महिलाओं एवं बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए प्रदेश शासन द्वारा जनपद में एचपीवी टीकाकरण के लिए विशेष सत्र सोमवार से शनिवार प्रातः 10 बजे अपराह्न 03.00 बजे तक चल रहे हैं। टीका लगवाने के लिए बेटी का आधार कार्ड/जन्म प्रमाण पत्र या आयु प्रमाणित करने वाले दस्तावेज तथा संबंधित का मोबाइल फोन (ओटीपी उपलब्ध कराने हेतु) साथ मे ले जाना होगा।

शुक्रवार को जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एचपीवी संक्रमण महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) का प्रमुख कारण माना जाता है। समय पर टीकाकरण इस गंभीर बीमारी से बचाव का प्रभावी एवं सुरक्षित माध्यम है। यह टीका पूर्णतः सुरक्षित, गुणवत्तापरक एवं चिकित्सकीय मानकों के अनुरूप है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा निर्धारित आयु वर्ग (14 से 15 वर्ष) की बालिकाओं को निःशुल्क टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। जिलाधिकारी ने आँकड़ों का उल्लेख कर बताया कि सम्पूर्ण विश्व के 100 से अधिक राष्ट्रों में उक्त टीके का प्रयोग किया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम प्राप्त हुए हैं । वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित किया गया है कि टीके को लगाने से किसी भी प्रकार की कमजोरी, शारीरिक दुष्प्रभाव नहीं है। बाजार में टीके का मूल्य अत्यधिक है। भारत सरकार तथा राज्य सरकार के पहल पर देश की प्रत्येक बेटी को सुरक्षा प्रदान करने के लिए उक्त टीकाकरण पूर्णतया नि:शुल्क किया जा रहा है। टीकाकरण- सभी ब्लॉक मुख्यालय के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र (पीएचसी) में हो रहा है।

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने जनपदवासियों से अपील की है कि इस जनहितकारी अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करके पात्र बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण कराएं। टीकाकरण के संदर्भ में किसी भी प्रकार की भ्रांतियों अथवा अफवाहों पर ध्यान न देते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा- निर्देशों का पालन करें एवं अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करें।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story