वाराणसी में निर्माणाधीन राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज को तय समय सीमा में करें पूरा : जिलाधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी में निर्माणाधीन राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज को तय समय सीमा में करें पूरा : जिलाधिकारी


—करखियाँव में ईको टूरिज़्म योजना के तहत तालाब के सुंदरीकरण, पाथवे निर्माण, जेटी लगाने, म्यूजिकल फाउंटेन विकसित कराने आदि के लिये एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश

वाराणसी, 07 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने मंगलवार को निर्माणाधीन राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज, हॉस्पिटल गड़खरा व पिंडरा के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के ग्राम करखियाँव के सौंदर्यीकरण व पर्यटन विकास के कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्यों की भौतिक प्रगति की जानकारी लेने के बाद मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं के अभियंताओं को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल के निर्माण कार्यों के निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल के अभियंता ने बताया कि इस परियोजना के 100 सीट वाले अकादमिक ब्लॉक के ग्रेड स्लैब और कॉलम कास्टिंग एवं भूतल की स्लैब शटरिंग एवं स्लैब कास्टिंग, हॉस्पिटल के प्लिंथ बीम का कार्य पूर्ण हो गया है। कॉलम कास्टिंग एवं ग्रेड स्लैब, गर्ल्स और बॉयज हॉस्टल के प्लिंथ बीम का कार्य भी पूर्ण है।इसी तरह कॉलम कास्टिंग एवं ग्रेड स्लैब, आवासीय भवन के प्लिंथ बीम का कार्य पूर्ण, कॉलम कास्टिंग एवं ग्रेड स्लैब तथा बाउंड्रीवाल के पी०सी०सी० एवं सरिया बॉधने एवं फुटिग का कार्य प्रगति पर है।

जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों को तय समय सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कॉलेज के छात्रों को खेल मैदान के लिए भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित कराने और आस पास के अतिक्रमण हटाने के लिए एसडीएम को निर्देश दिया। उन्होंने कॉलेज के सामने की गौशाला को दूसरी जगह शिफ्ट करने का भी निर्देश दिया। साथ ही मुख्य सड़क मार्ग से पहुँच मार्ग के निर्माण कार्य को शीघ्रता से पूरा कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने पिंडरा के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के ग्राम करखियाँव के सौंदर्यीकरण व पर्यटन विकास के कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने ईको टूरिज़्म योजना के तहत तालाब के सुंदरीकरण, पाथवे निर्माण, वृक्षारोपण कराने, जेटी लगाने, म्यूजिकल फाउंटेन विकसित कराने सहित अन्य कार्यों के लिए यूपीपीसीएल के माध्यम से एस्टीमेट तैयार करवाने के निर्देश जेडी पर्यटन को दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story