वाराणसी : गृहमंत्री अमित शाह के जन्मदिन पर अस्सी घाट में गंगा का दुग्धाभिषेक

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी : गृहमंत्री अमित शाह के जन्मदिन पर अस्सी घाट में गंगा का दुग्धाभिषेक


—बाबा काशी विश्वनाथ के चरणों में गृह मंत्री की दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना

वाराणसी, 22 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में गुरूवार को केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह का जन्मदिन उल्लास पूर्ण माहौल में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मनाया। पार्टी के काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कार्यकर्ताओं के साथ अस्सी घाट पर मां गंगा का विधि-विधान से दुग्धाभिषेक कर विशेष पूजा-अर्चना की। उन्होंने बाबा भोलेनाथ के श्रीचरणों में गृह मंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्रसेवा के लिए निरंतर शक्ति प्रदान करने की कामना की। साथ ही देश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण के लिए प्रार्थना की।

काशी की सनातन परंपरा के अनुरूप गंगा तट पर हुए पूजन के दौरान मां गंगा के प्रति श्रद्धा अर्पित की गई और बाबा विश्वनाथ का स्मरण किया गया। धार्मिक अनुष्ठान के माध्यम से अमित शाह के दीर्घायु जीवन और राष्ट्रहित में उनके प्रयासों के सफल होने की मंगलकामना की गई। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया और अस्सी घाट पर आने-जाने वाले राहगीरों के बीच मिष्ठान वितरित किया। राहगीरों ने भी अमित शाह को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। कार्यक्रम का संयोजन क्षेत्र महामंत्री अनूप जायसवाल ने किया। इस अवसर पर क्षेत्र उपाध्यक्ष नवरतन राठी, दिव्यांग प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक उत्तम ओझा,अमित राय,क्षेत्र महामंत्री अनूप जायसवाल, इंद्रभूषण मौर्या, आनंद यादव, चंदेश्वर जायसवाल, घनश्याम यादव आदि की मौजूदगी रही।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765155 Articles

Share this story