होली के दूसरे दिन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने श्रीविद्यामठ में शंकराचार्य से लिया आशीर्वाद

WhatsApp Channel Join Now
होली के दूसरे दिन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने श्रीविद्यामठ में शंकराचार्य से लिया आशीर्वाद


वाराणसी, 05 मार्च (हि.स.)। रंगों के पर्व होली के दूसरे दिन गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने केदारघाट स्थित श्रीविद्यामठ पहुंचकर ज्योतिष्पीठाधीश्वर एवं जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने पार्टी के स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ शंकराचार्य के चरणों में गुलाब की पंखुड़ियां अर्पित कर उन्हें होली की शुभकामनाएं दीं तथा देश, प्रदेश और समाज के कल्याण की कामना की। इस अवसर पर अजय राय ने कहा कि सनातन धर्म की परंपराओं और आध्यात्मिक मूल्यों की रक्षा में संत समाज की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि संत समाज सदैव समाज को सही दिशा देने का कार्य करता आया है और जगद्गुरु शंकराचार्य जैसे संतों का मार्गदर्शन पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। अजय राय ने शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती द्वारा गौवध रोकने के लिए चलाए जा रहे आंदोलन सहित विभिन्न धार्मिक और सामाजिक मुद्दों का समर्थन करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी उनके साथ मजबूती से खड़ी है और आगे भी खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि यदि धर्म, संस्कृति और संत समाज के सम्मान को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा तो कांग्रेस पार्टी उसका पुरजोर विरोध करेगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से भारत की गंगा-जमुनी तहजीब, धर्मनिरपेक्ष मूल्यों और सभी धर्मों के सम्मान की पक्षधर रही है। संत समाज की आवाज को दबाने का प्रयास लोकतंत्र और भारतीय परंपराओं के खिलाफ है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि होली का पर्व प्रेम, भाईचारे, सामाजिक समरसता और आपसी सद्भाव का प्रतीक है, जो समाज को भेदभाव भूलकर एकता और सौहार्द के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। इस दौरान पार्टी के वाराणसी महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, प्रजानाथ शर्मा, प्रमोद पांडेय, दुर्गा प्रसाद गुप्ता, चंचल शर्मा, सतनाम सिंह, मनीष मोरोलिया, सुनील श्रीवास्तव, देवेंद्र सिंह और राजीव गौतम सहित अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story