वाराणसी के थाना लोहता परिसर में हिस्ट्रीशीटरों की हुई परेड, दिलाया गया संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी के थाना लोहता परिसर में हिस्ट्रीशीटरों की हुई परेड, दिलाया गया संकल्प


वाराणसी, 26 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद में थाना जंसा के बाद रविवार को ग्रामीण अंचल के लोहता थाने में अपराध पर अंकुश लगाने और कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए हिस्ट्रीशीटरों की परेड कराई गई। परेड थानाध्यक्ष दिगम्बर उपाध्याय की देखरेख में हुई।

इस दौरान सभी हिस्ट्रीशीटरों (एचएस) को शपथ दिलाई गई। सभी ने शपथ लिया कि भविष्य में किसी भी प्रकार के गलत एवं आपराधिक कार्य में संलिप्त नहीं होंगे। गलत कार्यों का त्याग कर कानून का पालन करते हुए अपना जीवन यापन करेंगे। अपने व्यवसाय एवं कार्यों पर ध्यान केंद्रित करेंगे। परेड में शामिल हिस्ट्रीशीटरों में वार्ड 52 लोहता के पार्षद पति प्रतिनिधि शमीम नोमानी का नाम भी शामिल है। थानाध्यक्ष दिगम्बर उपाध्याय ने हिस्ट्रीशीटरों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति दोबारा आपराधिक गतिविधियों में लिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट सहित कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की परेड से अपराधियों में कानून का भय पैदा होगा और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहेगी। अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण, क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराध की पुनरावृत्ति रोकने के उद्देश्य से हिस्ट्रीशीटरों की नियमित निगरानी, सत्यापन, परेड और आवश्यकतानुसार काउंसलिंग की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story