काशी हिंदू विश्वविद्यालय के चिकित्सा विज्ञान संस्थान का 66वां वार्षिक दिवस समारोह 19 नवम्बर को
—दो दिवसीय स्वास्थ्य मेले में प्रवेश के.एन. उडुपा ऑडिटोरियम की तरफ से, दो दिनों में 10,000 मरीजों को चिकित्सा सहायता देने का लक्ष्य
वाराणसी, 16 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित काशी हिन्दू विश्वविद्यालय चिकित्सा विज्ञान संस्थान (आईएमएस—बीएचयू ) के 66वें वार्षिक दिवस का आयोजन 19 नवम्बर को अपरान्ह तीन बजे परिसर स्थित स्वतंत्रता भवन में किया जाएगा। मुख्य समारोह से पहले 18 नवंबर को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक और 19 नवंबर को सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक, आईएमएस के न्यू लेक्चर थियेटर और केएन उडुपा ऑडिटोरियम परिसर में दो दिवसीय स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया जाएगा।
सोमवार को समिति कक्ष चिकित्सा विज्ञान संस्थान, निदेशक कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में यह जानकारी संस्थान के निदेशक प्रो. एस.एन. संखवार ने दी। उन्होंने बताया कि बीएचयू कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी दोनों कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। प्रो. एम. के. रमेश (चिकित्सा मूल्यांकन एवं रेटिंग बोर्ड,राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग, नई दिल्ली), प्रो. संजय तिवारी (अध्यक्ष, राष्ट्रीय दंत आयोग, नई दिल्ली), प्रो. हरि मोहन चंदोला (पूर्व निदेशक, चौधरी ब्रह्मप्रकाश आयुर्वेद चरक संस्थान, नई दिल्ली) और प्रो. संजय राय (नोडल अधिकारी, आईएमएस एम्स समन्वय समिति, एवं समन्वयक, कम्युनिटी हेल्थ सेंटर, एम्स, नई दिल्ली) इस वार्षिक दिवस समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इस समारोह की अध्यक्षता प्रो. एस.एन. संखवार स्वयं करेंगे।
वार्ता में कार्यक्रम के संयोजक प्रो. टी.पी. चतुर्वेदी, प्रो. बी. राम और प्रो. एस. के. भारतीय ने बताया कि वार्षिक दिवस समारोह में उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों और संकाय सदस्यों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही सेवानिवृत्त होने वाले कुल 43 फैकल्टी और नॉन टीचिंग स्टाफ सदस्यों (क्रमशः 6 और 37) को संस्थान में उनके उत्कृष्ट योगदान और सेवा के लिए सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस वर्ष के दौरान फैकल्टी सदस्यों द्वारा शुरू किए गए 60 बाहरी अनुसंधान प्रोजेक्ट्स और योजनाओं के लिए कुल 97.7 करोड़ रुपये की ग्रांट मंजूर की गई। इसके अतिरिक्त, 801 रिसर्च पेपर प्रकाशित किए गए, 36 सम्मेलन आयोजित किए गए, 41 आउटरीच कार्यक्रम चलाए गए, और उच्च शिक्षण संस्थानों तथा अस्पतालों के साथ 5 समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
इसके अलावा, छात्रों और फैकल्टी सदस्यों के बीच शारीरिक और मानसिक फिटनेस को बड़ावा देने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए संस्थान ने एक 'वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता' तथा साहित्यिक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया था, जिसमें छात्रों और शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। स्वास्थ्य मेला के समन्वयक, प्रो. वी.एन. मिश्रा ने बताया कि आईआईटी बीएचयू के निदेशक, प्रो. अमित पात्रा इस मेला कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि होंगे। उन्होंने यह भी बताया कि इस इस वर्ष स्वास्थ्य मेले में प्रवेश के.एन. उडुपा ऑडिटोरियम की तरफ से होगा और इसमें चिकित्सा विज्ञान संस्थान का नया लेक्चर थियेटर परिसर भी शामिल रहेगा। मेले में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में आम जनता तक जानकारी आसानी से पहुँचाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इस साल आईआईटी बीएचयू भी 'मेड-टेक' कॉन्सेप्ट के साथ इस स्वास्थ्य मेले में हिस्सा ले रहा है। चिकित्सा विज्ञान संस्थान आईआईटी बीएचयू की मदद से आधुनिक चिकित्सा और पारंपरिक स्वास्थ्य प्रणालियों के साथ-साथ इंजीनियरिंग के नए आयामों को आपस में जोड़ने की दिशा में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। यह स्वास्थ्य मेला चार प्रमुख चिकित्सा क्षेत्रों और आईआईटी के बीच एक सहयोग (कोलैबोरेशन) को प्रदर्शित करेगा। इस स्वास्थ्य मेले के दौरान, हर क्षेत्र के प्रमुख विशेपज्ञ आम जनता तक मेडिकल, डेंटल और आयुर्वेदिक अनुसंधान, प्रशिक्षण और नर्सिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट जानकारी पहुँचाने का पूरा प्रयास करेंगे।
संयोजक प्रो. टी.पी. चतुर्वेदी ने बताया कि मेले में लगभग 10,000 मरीजों को चिकित्सा सहायता और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता मिलने की उम्मीद है, साथ ही वाराणसी शहर के विभिन्न स्कूलों के लगभग 3,000 छात्र भी इसमें शामिल होंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

