वाराणसी: हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा अभियान को लेकर छात्राओं ने निकाली तिरंगा यात्रा

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी: हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा अभियान को लेकर छात्राओं ने निकाली तिरंगा यात्रा


वाराणसी, 12 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में स्वतंत्रता दिवस के तीन दिन पहले (बुधवार) से ही देशप्रेम की बयार बहने लगी है। देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने व राष्ट्र प्रेम में विभिन्न संगठन और शैक्षणिक संस्थानों के साथ सियासी दल भी तिरंगा यात्रा निकाल रहे हैं।

सामाजिक संस्था सुबह-ए-बनारस क्लब के बैनर तले मैदागिन स्थित श्री हरिश्चंद्र बालिका इंटरमीडिएट कॉलेज परिसर में हर घर तिरंगा फहराने के लिए छात्राओं को शपथ दिलाई गई। संस्था के अध्यक्ष मुकेश जायसवाल, डॉ अशोक राय, कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ प्रियंका तिवारी के नेतृत्व में आयोजित जागरूकता अभियान में भारत की आन-बान-शान तिरंगा झंडा भी छात्राओं में वितरित किया गया।

इस दौरान कॉलेज की प्रधानाचार्या ने कहा कि कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्र प्रेम की भावना को जागृत करते हुए स्वतंत्रता के प्रतिकों के प्रति सम्मान का भाव उत्पन्न करना है। अन्य वक्ताओं ने कहा कि सरकार के निर्देश पर हर घर पर तिरंगा फहराने के लिए जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को राष्ट्र भावना से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उसी क्रम में इस बार भी 10 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा फहराने का आह्वान किया गया है। इस क्रम में स्वतंत्रता दिवस से पहले देशभर में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में वाराणसी के लहुराबीर स्थित पीएमश्री राजकीय क्वीन्स इंटर कॉलेज से भी तिरंगा यात्रा निकाली गई।

तिरंगा यात्रा के दौरान स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों को याद किया गया। स्कूली बच्चों ने सुभाष चंद्र बोस, महात्मा गांधी, भगत सिंह और रानी लक्ष्मीबाई जैसे स्वतंत्रता सेनानियों का रूप धारण कर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। खास बात यह रही कि यात्रा में हिंदू, मुस्लिम समेत सभी धर्मों और विभिन्न वर्गों के लोग शामिल हुए।

लोगों ने कहा कि तिरंगा केवल एक झंडा नहीं, बल्कि उन लाखों स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान का प्रतीक है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए यातनाएं सहीं और अपने प्राण न्योछावर कर दिए। तिरंगा यात्रा के जरिए नई पीढ़ी को यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि देश को आजादी बड़े बलिदानों के बाद मिली है। हमें स्वतंत्रता के महत्व को हमेशा याद रखना चाहिए।------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story