स्वतंत्रता दिवस के पूर्व काशी नगरी हुई तिरंगामय,काशी विश्वनाथ धाम में 'हर-हर महादेव' और 'जय हिंद' नारे की गूंज

WhatsApp Channel Join Now
स्वतंत्रता दिवस के पूर्व काशी नगरी हुई तिरंगामय,काशी विश्वनाथ धाम में 'हर-हर महादेव' और 'जय हिंद' नारे की गूंज


स्वतंत्रता दिवस के पूर्व काशी नगरी हुई तिरंगामय,काशी विश्वनाथ धाम में 'हर-हर महादेव' और 'जय हिंद' नारे की गूंज


—कथा वाचक प्रदीप मिश्रा और संत सतुआ बाबा ने धाम से दिया हर घर तिरंगा फहराने का संदेश

वाराणसी, 13 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व ही उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी काशी तिरंगामय हो गई है। गुरूवार को देशप्रेम का ज्वार पूरे जनपद में दिखा। श्री काशी विश्वनाथ धाम, विभिन्न स्कूल कालेज से लेकर सामाजिक संगठनों में हर—घर तिरंगा अभियान की धूम दिखी। शहीदों के बलिदान और राष्ट्रीय एकता का संदेश लेकर जगह—जगह तिरंगा यात्रा निकाली गई। जाति, धर्म, भाषा और वर्ग के संकीर्ण भेदभाव से ऊपर उठकर लोग इसमें शामिल हुए।

श्री काशी विश्वनाथ धाम से नमामि गंगे ने राष्ट्रभक्ति और स्वच्छता की अलख जगाते हुए आवाह्न किया कि ‘हर घर तिरंगा सिर्फ एक अभियान नहीं, बल्कि जन-जन का संकल्प बने। आयोजन के दौरान विश्वनाथ धाम में आए कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा और महामंडलेश्वर संतोष दास ने हाथों में तिरंगा लेकर भगवान शिव के धाम से हर घर तिरंगा फहराने का संदेश दिया। इस दौरान धाम में मौजूद शिवभक्तों ने एक स्वर में हर दिल तिरंगा, हर मन तिरंगा, हर सपना तिरंगा, हर मकसद तिरंगा, हर-हर महादेव का जयघोष किया। कार्यक्रम में उपस्थित हुए श्रद्धालुओं को तिरंगा सम्मान, स्वच्छता संस्कार को जीवन में उतारने का संकल्प दिलाया गया।

इस कार्यक्रम के संयोजक गंगा सेवक राजेश शुक्ला ने बताया कि 15 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य देशप्रेम, एकता, और स्वच्छता को राष्ट्रीय गौरव से जोड़ना है। राष्ट्रध्वज का सम्मान और स्वच्छता का संस्कार, दोनों ही भारत की असली पहचान हैं। देशप्रेम, एकता और स्वच्छता को राष्ट्रीय गौरव से जोड़ना एक सशक्त जन-आंदोलन है, जो 'हर घर तिरंगा' और 'स्वच्छ भारत अभियान' जैसे राष्ट्रव्यापी कार्यक्रमों के माध्यम से साकार होता है। यह नागरिकों को अपनी मातृभूमि के प्रति सम्मान, आपसी भाईचारे और पर्यावरण के प्रति कर्तव्य का संदेश देता है।

इसके पहले कथावाचक प्रदीप मिश्र ने बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगाई। उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। इस दौरान संतोष दास 'सतुआ बाबा' भी उनके साथ मौजूद रहे। मंदिर के अर्चक पं. श्रीकांत मिश्र ने प्रदीप मिश्रा को विधि विधान से पूजन कराया। उधर शिवपुर क्षेत्र के परमानंदपुर स्थित विकास इंटर कालेज के छात्र छात्राओं ने भी विशाल तिरंगा यात्रा निकाली। यह यात्रा परमानंदपुर से बड़ा लालपुर स्थित पं.दीन दयाल उपाध्याय हस्तकला संकुल (टीएफसी) तक निकाली गई। इसमें तिरंगा लेकर हजारों विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story