वाराणसी : गौरी केदारेश्वर महादेव का हरियाली श्रृंगार सोमवार क़ो, अर्धनारीश्वर रूप में देंगे दर्शन

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी, 30 अगस्त (हि.स.)। भादो माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि पर 31 अगस्त सोमवार को उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में केदारघाट स्थित गौरी केदारेश्वर मंदिर में भव्य हरियाली श्रृंगार का आयोजन किया जाएगा। मंदिर में पहली बार आयोजित हरियाली श्रृंगार में बाबा गौरी केदारेश्वर का अर्धनारीश्वर रूप में श्रद्धालु दर्शन करेंगे। रविवार शाम यह जानकारी मंदिर के महंत व पुजारी राजकुमार पांडेय ने दी।

उन्होंने बताया कि मंदिर में पहली बार आयोजित इस हरियाली श्रृंगार में पूरे मंदिर परिसर को फूल पत्तियों से सजाने के साथ बाबा के लिंग का अर्धनारीश्वर रूप में श्रृंगार किया जाएगा। दोपहर 12 बजे से बाबा के अर्धनारीश्वर रूप का शिवभक्त दर्शन करेंगे। मंदिर में सायंकाल 7 बजे से भजन संध्या का भी आयोजन किया जा रहा है। जिसमें ख्यातिलब्ध कलाकार भजनों की प्रस्तुति करेंगे। साथ ही मंदिर में बाबा का रुद्राभिषेक होग़ा। इस अवसर पर बाबा को छप्पन व्यंजनों का भोग भी लगाया जाएगा। बताते चले गौरी केदारेश्वर का काशी में खास स्थान है।

मंदिर में अद्भुत शिवलिंग है। शिवलिंग दो भागों में विभाजित माना जाता है। एक हिस्से में भगवान शिव और माता पार्वती, तथा दूसरे हिस्से में भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी का वास माना जाता है। धार्मिक मान्यता है कि काशी अलग-अलग तीन खंडों में विभाजित है। जिसमें से दो खंड शिव के और एक विष्णु का माना जाता है। मान्यता के अनुसार विश्वेश्वर, केदारेश्वर और ओंकारेश्वर तीन अलग-अलग खंडों को पूजा जाता है। भगवान विश्वनाथ यहां पर राजा के रूप में हैं तो भोलेनाथ का केदारेश्वर रूप यहां गुरु के रूप में पूज्य है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story