गाजीपुर-बलिया ग्रीनफील्ड हाईवे एक अक्टूबर से ट्रायल रन के लिए खुलेगा, पुलिस करेगी पेट्रोलिंग
वाराणसी, 24 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में गाजीपुर-बलिया (उत्तर प्रदेश-बिहार सीमा) ग्रीनफील्ड हाईवे (एनएच-31) के पैकेज-01 को एक अक्टूबर से ट्रायल रन के लिए खोला जाएगा। ट्रायल रन के पहले चरण में हाईवे के चेनज 0+000 से 34+773 तक वाहनों का आवागमन शुरू होगा। सुरक्षित और सुचारू यातायात संचालन के लिए गाजीपुर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग से आवश्यक पुलिस पेट्रोलिंग एवं सहयोग उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है।
एनएचएआई आजमगढ़ के परियोजना निदेशक पीयूष अग्रवाल ने गुरुवार को बताया कि ट्रायल रन के दौरान यात्रियों की सुविधा और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निर्धारित स्थानों पर प्रवेश और निकासी की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि पहले चरण में मार्ग चेनज 34+773 तक ही खुला रहेगा। इसके आगे फिलहाल कोई निकास बिंदु उपलब्ध नहीं है। ऐसे में यात्रियों को निर्धारित प्रवेश और निकासी मार्गों का ही इस्तेमाल करना होगा।
यात्रियों के लिए सराय बांदी से वाराणसी-गोरखपुर हाईवे, गाजीपुर-कासिमाबाद रोड, यूसुफपुर-कासिमाबाद रोड, परसा-बाराचवर ब्लॉक रोड और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे फ्लाईओवर तक पहुंचने की व्यवस्था की गई है। लखनऊ की ओर जाने वाले यात्री लटुडीह-प्रधानपुर रोड के माध्यम से आवागमन कर सकेंगे।
मुख्य कैरिजवे पर टहलने-जॉगिंग से बचें
एनएचएआई ने स्थानीय नागरिकों से हाईवे पर सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। अधिकारियों के संज्ञान में आया है कि कुछ स्थानीय निवासी, विशेषकर महिलाएं और बच्चे, शाम के समय नवनिर्मित हाईवे पर टहलने, जॉगिंग, साइकिल चलाने और खेलने के लिए पहुंच रहे हैं।
एनएचएआई ने कहा कि एक अक्टूबर से ट्रायल रन शुरू होने के बाद हाईवे पर वाहनों का आवागमन शुरू हो जाएगा। ऐसे में मुख्य कैरिजवे पर पैदल चलना, जॉगिंग करना, साइकिल चलाना या खेलना दुर्घटना की दृष्टि से जोखिमपूर्ण हो सकता है। लोगों से अपनी और परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इन गतिविधियों से बचने की अपील की गई है।
साथ ही लोगों से यातायात और सड़क सुरक्षा के लिए लगाए गए बैरिकेड्स को हटाने, क्षतिग्रस्त करने या उनके साथ किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं करने का अनुरोध किया गया है। एनएचएआई ने यात्रियों और स्थानीय नागरिकों से निर्धारित प्रवेश-निकासी बिंदुओं का ही इस्तेमाल करने तथा सुरक्षित यातायात संचालन में सहयोग करने की अपील की है।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

