वाराणसी पुलिस लाइन में ‘घर सजाओ, इनाम पाओ’ प्रतियोगिता, विजेताओं को मिले आकर्षक पुरस्कार
—पुलिस कमिश्नर की पत्नी प्रेरणा अग्रवाल ने किया पुरस्कृत, स्वच्छता और रचनात्मकता को दिया गया बढ़ावा
वाराणसी, 07 नवम्बर (हि.स.)। दीपावली पर्व के उपलक्ष्य में शनिवार शाम वाराणसी के रिजर्व पुलिस लाइन, कमिश्नरेट परिसर में ‘घर सजाओ, इनाम पाओ’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वच्छता, सृजनशीलता और पारिवारिक सहभागिता का शानदार परिचय दिया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य पुलिस परिवारों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही उन्हें रचनात्मकता और सौंदर्यबोध के लिए प्रोत्साहित करना था। इसके माध्यम से पुलिस लाइन स्थित आवासीय परिसरों को स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक बनाने का संदेश भी दिया गया। प्रतियोगिता में आवासों की साफ-सफाई, साज-सज्जा, पारिवारिक व्यवहार और शारीरिक फिटनेस को मूल्यांकन का प्रमुख आधार बनाया गया।
प्रतिभागियों ने अपने आवासों को आकर्षक ढंग से सजाकर दीपावली के उल्लास को और खास बना दिया। वहीं, प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल की पत्नी प्रेरणा अग्रवाल ने विजेताओं को पुरस्कृत किया।
‘घर सजाओ, इनाम पाओ’ प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली महिला आरक्षी खुशबू सिंह को फ्रिज, द्वितीय स्थान पर रहे आरक्षी सौरभ राय को टीवी और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले आरक्षी रितेश सिंह को ओवन प्रदान किया गया। वहीं, सांत्वना पुरस्कार के रूप में प्रतिभागियों को प्रेशर कुकर दिया गया।
इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम और रंगोली प्रतियोगिता के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रथम पुरस्कार आर्या त्रिपाठी, द्वितीय पुरस्कार पीहू प्रितराज तथा तृतीय पुरस्कार श्रेया कुमारी एंड ग्रुप को मिला। वहीं, रंगोली प्रतियोगिता में सौम्या कुमारी ने प्रथम, आस्था यादव ने द्वितीय और ज्योति सिंह एंड ग्रुप ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इन दोनों प्रतियोगिताओं के विजेताओं को 1,000 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का समापन मनमोहक आतिशबाजी के साथ हुआ। रंग-बिरंगी रोशनी और आतिशबाजी से पूरा पुलिस लाइन परिसर दीपावली के उल्लास में सराबोर हो उठा। आयोजन ने पुलिस परिवारों के बीच आपसी सहभागिता, रचनात्मकता और उत्सवधर्मिता को बढ़ावा देने के साथ स्वच्छ एवं सुंदर परिवेश का संदेश भी दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

