राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पर सामूहिक गान, 500 लोगों ने की भागीदारी

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पर सामूहिक गान, 500 लोगों ने की भागीदारी


—विद्या भारती के मार्गदर्शन में विद्यार्थी, आचार्य, अभिभावकों,स्वयंसेवकों व नागरिकों ने एक साथ गाया राष्ट्रीय गीत

वाराणसी, 25 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के 150वें वर्ष पर शुक्रवार को विद्या भारती के मार्गदर्शन में देशभर में ‘नमामि भारतम्’ कार्यक्रम के तहत उत्तर प्रदेश के वाराणसी में भदैनी स्थित आदर्श शिक्षा मंदिर जूनियर हाई स्कूल में गीत का सामूहिक गान किया गया।

विद्यालय परिसर में कार्यक्रम के मुख्य वक्ता रवि (विद्या भारती के प्रचार प्रमुख दक्षिण भाग वाराणसी) ने वंदे मातरम के गीत के इतिहास को बताया। उन्होंने बताया कि 'नमामि भारतम्' के माध्यम से देशभर में इसकी 150 वर्षों की ऐतिहासिक यात्रा और राष्ट्रीय जीवन में इसके योगदान को स्मरण किया जा रहा है। देश की आजादी में अपना योगदान देने के साथ इस वंदे मातरम के रचयिता बंकिम चंद्र चटर्जी के कार्यों को याद करते हुए नमन भी किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य लोकेश कुमार शर्मा ने बताया कि विद्या भारती के विद्यालयों में आज एक साथ वंदे मातरम गायन कर कीर्तिमान स्थापित किया गया। इस राष्ट्रव्यापी आयोजन को एशिया बुक ऑफ रिकार्ड्स तथा इंडिया बुक ऑफ रिकार्ड्स द्वारा एक साथ सर्वाधिक संख्या में विद्यार्थियों व आमजन द्वारा एक स्वर में वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के रूप में रिकार्ड प्रमाणन के लिए सूचीबद्ध किया गया है। प्रधानाचार्य ने बताया कि इस कार्यक्रम में कुल 500 लोगों की उपस्थिति रही। इस कार्यक्रम में विद्यालय के उपाध्यक्ष प्रदीप चौरसिया एवं भारत विकास परिषद के सदस्य भी शामिल हुए।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story