मार्कण्डेय महादेव धाम में दर्शन करने आया युवक गंगा में डूबा, मौत से परिजनों में मचा कोहराम

WhatsApp Channel Join Now

-मजदूरी कर करता था परिवार का भरण-पोषण, पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल

वाराणसी, 22 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जनपद के चौबेपुर थाना क्षेत्र के कैथी घाट पर शुक्रवार सुबह गंगा स्नान के दौरान एक युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को नदी से बाहर निकाला। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।

मृत युवक की पहचान गणपत प्रजापति (28) पुत्र स्व. तिलकू प्रजापति निवासी ग्राम जहानपुर, थाना सैदपुर, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। बताया गया कि गणपत अपने साथियों सतीश और चंदन के साथ शुक्रवार सुबह मार्कण्डेय महादेव धाम में दर्शन-पूजन के लिए आया था। मंदिर जाने से पहले सभी लोग कैथी घाट पर गंगा स्नान करने पहुंचे थे। स्नान के दौरान अचानक गणपत का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। साथ मौजूद युवकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वह नदी की तेज धारा में समा चुका था। घटना की सूचना मिलते ही चौबेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की सहायता से युवक की तलाश शुरू कराई। काफी प्रयास के बाद उसका शव नदी से बाहर निकाला गया।

साथियों ने पुलिस को बताया कि गणपत मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी रेखा प्रजापति, पुत्र सत्यम प्रजापति और पांच वर्षीय पुत्री शिवांगी प्रजापति हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार के लोग घाट पर पहुंच गए। पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। चौबेपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।--------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story