वाराणसी में बीच हैंडबॉल के लिए कोर्ट निर्माण को हरी झंडी, दो दिन ट्रायल मैच
—पहली बार गंगा के रेत पर महिला बीच हैंडबॉल प्रतियोगिता
वाराणसी, 11 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी काशी में गंगा के रेत पर महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता के लिए कोर्ट निर्माण के लिए हरी झंडी मिल गई है। शनिवार अपरान्ह यूपी एडेंचर स्पोर्ट्स क्लब और जिला नौकायन संघ के अधिकारियों ने गढ़वाघाट मठ आश्रम के सामने बीच हैंडबॉल प्रतियोगिता की तैयारियों को परखा। और इसके लिए कोर्ट निर्माण में लगे मनोज कुमार और कन्हैया से विस्तार से जानकारी ली।
एडवेंचर स्पोर्ट्स क्लब के चेयरमैन डॉ एके सिंह और जिला नौकायन संघ के उपाध्यक्ष भागवत सिंह की दिशा निर्देश में बीच हैंडबॉल प्रतियोगिता के मानक के अनुसार दो कोर्ट बनाए जा रहे हैं। चेयरमैन डॉ एके सिंह के अनुसार 12 और 13 अप्रैल को अभ्यास मैच खेला जाएगा। 14 और 15 अप्रैल को वाराणसी में पहली बार गंगा के रेत पर महिला बीच हैंडबॉल प्रतियोगिता खेली जाएगी। इस में 12 टीम के 96 महिला खिलाड़ी हिस्सा लेंगी। जिनमें 14 खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी हैं। जिला नौकायन संघ के भागवत सिंह के अनुसार, बीच प्रतियोगिता के जरिए महिला खिलाड़ियों को हम प्रोत्साहित करना चाहते हैं। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों को मानकों के अनुसार तैयार किया जा रहा है। हैंडबॉल प्रतियोगिता का आयोजन वाराणसी में पहली बार हो रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

