वाराणसी: गंगा में अब बीयर पार्टी का वीडियो वायरल,पुलिस छानबीन में जुटी

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी,06 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी और मीरजापुर जनपद के मध्य गंगा नदी में बजड़ेनुमा नाव पर तेज डीजे संगीत पर थिरकते युवाओं के बीयर (शराब) पार्टी का एक वीडियो सोमवार को तेजी से वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया में इसको लेकर तीखी प्रतिक्रिया के बीच पुलिस अफसरों ने भी वीडियो को संज्ञान में लिया है। पुलिस अफसर वीडियो के आधार पर इसमें शामिल युवाओं की पहचान में जुट गए।

वीडियो को देखकर चर्चा है कि वाराणसी से मीरजापुर जनपद के अदलपुरा स्थित बड़ी शीतलामाता के दरबार में 'बधावा ' लेकर जाने के दौरान माझी समाज के कुछ युवकों ने बीच गंगा में नाव रोक कर बीयर पार्टी की थी। पवित्र गंगा नदी में तेज आवाज में डीजे बजाने, शराब पार्टी करने और किसी भी प्रकार की पार्टी करने पर प्रतिबंध लगाया गया है। ऐसे में युवकों की शराब पार्टी को लेकर लोगों में नाराजगी भी है।

इस मामले में दशाश्वमेध एसीपी डॉ. अतुल अंजान ने पत्रकारों को बताया कि वीडियो संज्ञान में आया है। जांच करके इसमें शामिल लोगों को चिंहित कर कार्रवाही की जाएगी। बताते चले पिछले दिनों वाराणसी में ही गंगा में नाव पर रोजा इफ्तार के दौरान बिरयानी खाने का वीडियो प्रसारित हुआ था। इस प्रकरण में पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए 14 आरोपिताें को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। अब इस मामले में भी जांच हो रही है। वीडियो में नजर आ रहे युवक वाराणसी के घाटों के निवासी हैं। पुलिस नाविकों और आयोजकों की भी पहचान कर रही है ।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story