वाराणसी: शिवालाघाट पर गंगा में डूब रहीं तीन महिला तीर्थयात्रियों को नाविकों ने बचाया

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी: शिवालाघाट पर गंगा में डूब रहीं तीन महिला तीर्थयात्रियों को नाविकों ने बचाया


- आंध्र प्रदेश के 15 तीर्थयात्री नाविकों के मना करने के बाद भी गंगा नदी नहाने के लिए गहरे पानी में पहुंच गए थे

वाराणसी,19 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के भेलूपुर शिवालाघाट पर रविवार को गंगा स्नान के दौरान एक बड़ा हादसा टल गया। गंगा नदी में नहाने उतरे आंध्र प्रदेश से आए तीर्थयात्रियों के एक दल की तीन महिलाएं गहरे पानी में डूबने लगीं, जिन्हें मौके पर मौजूद नाविकों ने साहसिक प्रयास कर बचा लिया।

जानकारी के अनुसार, लगभग 15 तीर्थयात्री चेतावनी के बावजूद गहरे पानी की ओर बढ़ गए। इसी दौरान अनुशा (22), चिन्नी (20) और एस.वी. पांडा (50) का संतुलन बिगड़ गया और वे नदी में डूबने लगीं। उनके साथियों के शोर मचाने पर पास में मौजूद नाविक तुरंत हरकत में आए और बिना देर किए गंगा में छलांग लगा दी। नाविक सुरेश मांझी, दिलीप साहनी और भुवाल साहनी ने गहरे पानी में संघर्ष कर तीनों महिला तीर्थयात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान एक महिला की हालत गंभीर हो गई थी, जिसे मौके पर ही एक नाविक ने सीपीआर देकर होश में लाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

नाविक सुरेश मांझी ने बताया कि उन्होंने पहले ही तीर्थयात्रियों को गहरे पानी में न जाने की चेतावनी दी थी, लेकिन उसे नजरअंदाज कर दिया गया। हालांकि तीर्थयात्रियों को बचा लिया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तीनों नाविकों ने अपनी जान जोखिम में डालकर यह रेस्क्यू किया। घटना के बाद तीर्थयात्रियों ने नाविकों का आभार व्यक्त किया। वहीं, सोशल मीडिया पर भी तीनों नाविकों के साहस और तत्परता की सराहना की जा रही है।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story