वाराणसी में गंगा के जलस्तर में ठहराव के बाद नौका संचालन की अनुमति

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी में गंगा के जलस्तर में ठहराव के बाद नौका संचालन की अनुमति


वाराणसी, 12 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद में गंगा नदी के जलस्तर में ठहराव के बाद अब घटाव का रुख देखते हुए वाराणसी में नौका संचालन पुनः शुरू करने की अनुमति दे दी गई है। जल पुलिस ने बुधवार शाम से नावों के संचालन को हरी झंडी दे दी। खराब मौसम और गंगा में बढ़े जलस्तर को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर पिछले कुछ दिनों से नौका संचालन पर रोक लगाई गई थी।

जल पुलिस के अनुसार, मौसम की स्थिति और गंगा के जलस्तर की समीक्षा के लिए एनडीआरएफ तथा संबंधित अधिकारियों से लगातार समन्वय किया गया। मौसम में सुधार और जलस्तर में कमी आने के बाद यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नौका संचालन फिर से शुरू करने का निर्णय लिया गया है।

अपर जिला मजिस्ट्रेट (वित्त एवं राजस्व) डॉ. सदाकांत गुप्ता ने बताया कि केंद्रीय जल आयोग के अनुसार बुधवार सुबह 8 बजे वाराणसी में गंगा नदी का जलस्तर 63.61 मीटर दर्ज किया गया। इससे एक दिन पहले मंगलवार सुबह 8 बजे जलस्तर 63.71 मीटर था। यानी 24 घंटे में जलस्तर में 10 सेंटीमीटर की कमी दर्ज की गई है।

वाराणसी में गंगा का चेतावनी जलस्तर 70.26 मीटर, खतरे का जलस्तर 71.26 मीटर और उच्चतम बाढ़ स्तर (एचएफएल) 73.90 मीटर निर्धारित है। वर्तमान जलस्तर चेतावनी स्तर से 6.65 मीटर नीचे है।

प्रशासन के अनुसार, गंगा के जलस्तर में लगातार गिरावट और मौसम में सुधार को देखते हुए फिलहाल बाढ़ जैसी कोई स्थिति नहीं है। हालांकि, नाविकों को सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story