वाराणसी : त्रिपुरारी और मां गंगा की आरती कर जल स्रोतों के संरक्षण का दिया संदेश

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी : त्रिपुरारी और मां गंगा की आरती कर जल स्रोतों के संरक्षण का दिया संदेश


-देव दीपावली पर नमामि गंगे का जागरूकता अभियान, नदियों की स्वच्छता का लिया संकल्प

वाराणसी, 24 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में देव दीपावली का पर्व केवल दीपोत्सव और धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि नदियों, सरोवरों, कुंडों और अन्य जल स्रोतों के संरक्षण का भी संदेश देता है। इसी उद्देश्य से नमामि गंगे की ओर से मंगलवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम में जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान भगवान शिव (त्रिपुरारी) और मां गंगा की आरती कर श्रद्धालुओं को जल संरक्षण तथा नदियों की स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

श्री काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार पर आयोजित कार्यक्रम में नमामि गंगे के स्वयंसेवकों ने भगवान शिव और मां गंगा के अटूट संबंध को नमन करते हुए प्रकृति एवं जल स्रोतों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। इस अवसर पर द्वादश ज्योतिर्लिंगों और गंगाष्टकम का पाठ कर श्री काशी विश्वनाथ तथा मां गंगा से लोककल्याण और जल स्रोतों की निर्मलता बनाए रखने की प्रार्थना की गई।

कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर एवं गंगा सेवक राजेश शुक्ला ने कहा कि देव दीपावली जल अनुष्ठानों की महिमा और मां गंगा के प्रति असीम श्रद्धा प्रकट करने का अनुपम पर्व है। गंगा के साथ ही काशी के सरोवरों और कुंडों पर दीप प्रज्ज्वलित करने की परंपरा इस बात का प्रतीक है कि प्रत्येक जल स्रोत का अपना महत्व है और वह जीवन के लिए अनिवार्य है। अभियान में अर्चना, सुरभि, भावना, रेनू कुमारी, पूनम कुमारी, रश्मि कुमारी, आर्या अदिति, डॉ. एस.के. ठाकुर, राकेश सिंह सहित नमामि गंगे के कई स्वयंसेवकों ने सहभागिता की।

--------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782263 Articles

Share this story