वाराणसी: कंधे पर कांवर, हाथों में तिरंगा लेकर कांवड़ियों ने लिया जल संरक्षण का संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी: कंधे पर कांवर, हाथों में तिरंगा लेकर कांवड़ियों ने लिया जल संरक्षण का संकल्प


वाराणसी, 01 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में श्रावण मास के तीसरे दिन शनिवार को दशाश्वमेध घाट पर आस्था और देशभक्ति का नजारा दिखा। कंधे पर कांवर और हाथों में तिरंगा लहराते कांवड़ियों ने नमामि गंगे के स्वयंसेवकों के साथ गंगा की निर्मलता और जलसंरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान गंगा घाट पर बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जयघोष के साथ भारत माता की जय के गगनभेदी नारे भी लगे।

सावन माह में गेरुआ रंग में रंगे कंधे पर गंगा जल से भरे कांवर उठाए कांवड़ियों का उत्साह देख आम स्नानार्थी भी हर-हर महादेव का उद्घोष करते रहे। गंगा सेवक राजेश शुक्ला के आह्वान पर श्रद्धालुओं ने गंगा किनारे स्वच्छता का संकल्प दोहराया।

गंगा सेवक राजेश शुक्ला ने इस दौरान कहा कि कांवड़ियों द्वारा तिरंगा लेकर जल संरक्षण के लिए हम सभी का दायित्व बताना एक प्रेरणादायक संदेश है। कांवड़ यात्रा के दौरान पर्यावरण और देश प्रेम की अनूठी मिसाल पेश करते हुए समाज में जल संचय की भावना को मजबूत करना हम सभी का परम कर्तव्य है। कार्यक्रम में कांवड़िया अभिनव सिंह, नकुल पाण्डेय ने भी लोगों को जागरूक किया।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story