बाढ़ के बाद नमामि गंगे की युवा टोली का संकल्प, गंगा में नहीं जाने देंगे प्लास्टिक और अन्य कचरा

WhatsApp Channel Join Now
बाढ़ के बाद नमामि गंगे की युवा टोली का संकल्प, गंगा में नहीं जाने देंगे प्लास्टिक और अन्य कचरा


वाराणसी, 15 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में गंगा नदी में बाढ़ का पानी उतरने के बाद घाटों पर जमा गंदगी और मलबे को हटाने के लिए नमामि गंगे की युवा टोली ने गुरुवार को नगर निगम के कर्मियों के साथ स्वच्छता अभियान चलाया। दशाश्वमेध और प्रयागघाट पर आयोजित इस अभियान में युवाओं ने श्रमदान कर घाटों की सफाई की और लोगों को गंगा की स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।

अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने बाढ़ के बाद घाटों पर जमा प्लास्टिक, पॉलीथिन और अन्य अपशिष्ट को हटाया। इस दौरान ‘आओ मिलकर हाथ बढ़ाएं, बाढ़ के बाद गंगा को फिर स्वच्छ बनाएं’ के नारे के साथ लोगों से गंगा को प्रदूषणमुक्त रखने की अपील की गई। कार्यक्रम में शामिल नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उसे गंगा संरक्षण के कार्यों से सीधे जोड़ना है। उन्होंने कहा कि गंगा की स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है।

अभियान के दौरान घाटों पर मौजूद नागरिकों और श्रद्धालुओं को संकल्प दिलाया गया कि वे गंगा में प्लास्टिक, बोतलें, थर्मोकोल, रासायनिक रंगों से रंगी मूर्तियां और पूजन सामग्री प्रवाहित नहीं करेंगे। साथ ही आम युवाओं से नमामि गंगे अभियान से सक्रिय रूप से जुड़कर गंगा निर्मलीकरण में योगदान देने की अपील की गई।

नमामि गंगे के स्वयंसेवकों ने कहा कि युवा किसी भी बड़े सामाजिक बदलाव की मजबूत आधारशिला होते हैं। यदि युवा वर्ग गंगा को स्वच्छ रखने का संकल्प लेकर जनभागीदारी बढ़ाए, तो गंगा संरक्षण के राष्ट्रीय अभियान को नई गति मिल सकती है। उन्होंने बाढ़ के बाद घाटों की स्वच्छता बनाए रखने और गंगा में कचरा जाने से रोकने के लिए निरंतर प्रयास करने पर जोर दिया। स्वच्छता अभियान में हर्षित, अंकुर, रोहन, आयुष और राज शर्मा सहित अन्य स्वयंसेवकों ने श्रमदान कर अपनी सहभागिता निभाई।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761074 Articles

Share this story