ऑपरेशन सिंदूर के एक वर्ष पूरे, काशी की गंगा आरती में भारतीय सेना के शौर्य को नमन

WhatsApp Channel Join Now
ऑपरेशन सिंदूर के एक वर्ष पूरे, काशी की गंगा आरती में भारतीय सेना के शौर्य को नमन


वाराणसी, 07 मई (हि.स.)। ऑपरेशन सिंदूर के एक वर्ष पूरे होने पर गुरूवार शाम यहां दशाश्वमेध घाट पर गंगा सेवा निधि की विश्व प्रसिद्ध मां गंगा की आरती भारतीय सेना को समर्पित रही। सायंकालीन गंगा आरती में भारतीय सेना के शौर्य को नमन किया गया।

इस अवसर पर दशाश्वमेध घाट पर दीप प्रज्वलन कर शंखनाद और डमरू की थाप से शौर्य को नमन करने के साथ भारतीय सेना को बधाई दी गई। मां गंगा की आरती से पूर्व दशाश्वमेध घाट पर मौजूद हजारों श्रद्धालु देशभक्ति के रंग में नजर आए। हर तरफ भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद की सेना जैसे गगनभेदी नारों की गूंज रही। मां गंगा की आरती से पूर्व गंगा सेवा निधि के अर्चकों ने जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी घटना के शिकार हुए लोगों की आत्मा की शांति के लिए मां गंगा में दीपदान भी किया।

गंगा सेवा निधि के कोषाध्यक्ष आशीष तिवारी, सचिव हनुमान यादव ने बताया कि मां गंगा की आरती ऑपरेशन सिंदूर और भारतीय सेना के जवानों के शौर्य को समर्पित की गई। घाट पर मां गंगा की आरती उतारी गई और बाबा विश्वनाथ से कामना की गई कि भारतीय सेना इसी तरह अपना पराक्रम आतंकवाद के खिलाफ दिखाती रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story