शिक्षक दिवस पर खेल मैदान में जमकर दौड़ीं गुरुजी, 100 मीटर में नंदनी वर्मा ने मारी बाजी

WhatsApp Channel Join Now
शिक्षक दिवस पर खेल मैदान में जमकर दौड़ीं गुरुजी, 100 मीटर में नंदनी वर्मा ने मारी बाजी


-चॉक-डस्टर छोड़ खेल मैदान में उतरीं शिक्षिकाओं ने दिखाया दमखम, विद्यार्थियों ने तालियों से बढ़ाया उत्साह

वाराणसी, 05 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक सांस्कृतिक राजधानी काशी में शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को गुरूजनों का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। कक्षा में चॉक-डस्टर से विद्यार्थियों का भविष्य संवारने वाली शिक्षिकाएं पढ़ाई की चारदीवारी से बाहर निकलकर खेल मैदान में दौड़ती नजर आईं। शिक्षिकाओं को खेल मैदान में दौड़ते देख विद्यार्थियों में भी खासा उत्साह दिखाई दिया। उन्होंने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ अपने गुरुजनों का उत्साह बढ़ाया।

यह नजारा परमानंदपुर, शिवपुर स्थित विकास इंटर कॉलेज के खेल मैदान में देखने को मिला, जहां शिक्षक दिवस के अवसर पर महिला शिक्षिकाओं के लिए 100 और 200 मीटर दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में 52 शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। 100 मीटर दौड़ में नंदनी वर्मा ने 15 सेकेंड का समय निकालकर प्रथम स्थान हासिल किया। डॉली पाल दूसरे, आस्था तीसरे, नीलिमा सिंह चौथे और महजबी पांचवें स्थान पर रहीं।

वहीं, 200 मीटर दौड़ में अनुपम सिंह और गीतांजलि संयुक्त रूप से प्रथम रहीं। दोनों ने 32-32 सेकेंड में दौड़ पूरी की। चांदनी पटेल ने दूसरा और आकांक्षा यादव ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता के दौरान शिक्षिकाओं में जीत को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। रोज विद्यार्थियों को किताब, कॉपी, चॉक और डस्टर के माध्यम से शिक्षा देने वाली शिक्षिकाएं जब ट्रैक पर उतरीं तो पूरा माहौल उत्साह और उमंग से भर गया। साथी शिक्षिकाओं और उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाया।

इस अवसर पर कॉलेज के चेयरमैन डॉ. ए.के. सिंह ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य शिक्षकों को खेल और शारीरिक गतिविधियों से जोड़ना था। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ खेल और शारीरिक गतिविधियां भी व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।

प्रतियोगिता का आयोजन कॉलेज की सचिव डॉ. आशा सिंह की देखरेख में किया गया। माधुरी वर्मा ने कार्यक्रम का संचालन किया।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story