फ्रांसीसी यात्री का ट्रेन में छूटा टैबलेट-आरपीएफ ने सुरक्षित लौटाया, यात्री ने की भारत की सराहना

WhatsApp Channel Join Now
फ्रांसीसी यात्री का ट्रेन में छूटा टैबलेट-आरपीएफ ने सुरक्षित लौटाया, यात्री ने की भारत की सराहना


वाराणसी, 07 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने तत्परता का परिचय देते हुए ऑपरेशन अमानत के तहत ट्रेन में छूटा एक टैबलेट (ई-बुक) उसके फ्रांसीसी मालिक को सुरक्षित वापस सौंप दिया। शुक्रवार को अपना खोया टैबलेट मिलने पर विदेशी यात्री ने आरपीएफ की सेवा भावना और भारत देश की जमकर प्रशंसा की।

इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार ने पत्रकारों को बताया कि शुक्रवार शाम लगभग 4:10 बजे फ्रांस के पेरिस निवासी अम्बाच अल्बर्टिनी आरपीएफ पोस्ट बनारस पहुंचे। उन्होंने बताया कि वह ट्रेन संख्या 20178 से आगरा से बनारस तक यात्रा कर रहे थे और कोच C4, सीट संख्या 8 पर उनका टैबलेट (ई-बुक) छूट गया था। इसकी सूचना उन्होंने रेलवे हेल्पलाइन 139 पर भी दर्ज कराई थी। विदेशी यात्री की शिकायत पर जांच के दौरान पता चला कि ट्रेन में ड्यूटी पर तैनात ओबीएचएस स्टाफ आकाश कुमार और हेड कांस्टेबल राम जीत को सीट पर टैबलेट मिला था। उन्होंने ईमानदारी का परिचय देते हुए उसे आरपीएफ पोस्ट पर सुरक्षित जमा करा दिया।

आरपीएफ ने यात्री के पासपोर्ट और अन्य दस्तावेजों का मिलान कर पूरी पुष्टि के बाद शाम करीब 5 बजे टैबलेट उसे सुपुर्द कर दिया। यात्री के अनुसार टैबलेट की अनुमानित कीमत 10 हजार रुपये है। अपना खोया हुआ सामान वापस मिलने पर फ्रांसीसी यात्री बेहद खुश नजर आए। उन्होंने रेलवे सुरक्षा बल की कार्यशैली, सेवा भावना और भारत की ईमानदारी की सराहना करते हुए रेलवे पुलिस टीम का आभार जताया।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story