संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में सजेगी फूलों की काशी, नौ से 14 जनवरी तक होगी मंडलीय शाकभाजी, फल एवं पुष्प प्रदर्शनी

WhatsApp Channel Join Now
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में सजेगी फूलों की काशी, नौ से 14 जनवरी तक होगी मंडलीय शाकभाजी, फल एवं पुष्प प्रदर्शनी


—छह दिनों तक फूलों की छटा से महकेगी काशी, सात लाख फूलों और 30 प्रजातियों से सजेगा परिसर

- मंदिर की भव्य प्रतिकृति होगी मुख्य आकर्षण

वाराणसी, 28 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी काशी की सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक महत्ता और आधुनिक विकास की झलक अब फूलों के रंगों में नजर आएगी। मंडलीय शाकभाजी, फल एवं पुष्प प्रदर्शनी-2027 का आयोजन आगामी नौ से 14 जनवरी तक संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में किया जाएगा। छह दिवसीय इस भव्य आयोजन में करीब सात लाख फूलों और लगभग 30 विभिन्न प्रजातियों के पुष्पों का इस्तेमाल किया जाएगा। लगभग 25 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में आयोजित होने वाली यह प्रदर्शनी प्रदेश के सबसे बड़े पुष्प आयोजनों में शामिल होगी।

प्रदर्शनी को इस बार 'फूलों की काशी' थीम पर आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा। इसके लिए पूरे परिसर को अलग-अलग थीम और रंगों के आधार पर विभिन्न जोन में विभाजित करने की योजना तैयार की गई है। प्रदर्शनी का केंद्रीय आकर्षण 'दिव्य काशी' जोन होगा, जहां मंदिर की भव्य प्रतिकृति स्थापित की जाएगी। इसे पिछले आयोजन की तुलना में लगभग तीन गुना बड़े आकार में तैयार करने का प्रस्ताव है।

इसी तरह 'नव्य काशी' जोन को हरे रंग की थीम पर विकसित किया जाएगा। इसमें काशी के आधुनिक विकास और नए स्वरूप, विशेषकर नमो घाट जैसे प्रमुख स्थलों को प्रदर्शित किया जाएगा। 'गंगा उत्सव' जोन बैंगनी रंग में सजेगा, जहां गंगा आरती, नाव और घाटों की सांस्कृतिक परंपरा को दर्शाया जाएगा। वहीं, 'रंगीली बनारस' जोन में बनारसी पान, बनारसी साड़ी, बनारस घराना, स्थानीय कला और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिलेगी। इसके अलावा बैंक साइड हॉल में नर्सरी, फूड कोर्ट और बुक फेस्टिवल की व्यवस्था प्रस्तावित है।

कमिश्नर की अध्यक्षता में हुई तैयारियों की समीक्षा

प्रदर्शनी को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन की अध्यक्षता में आयुक्त कार्यालय सभागार में बैठक आयोजित की गई। इसमें आयोजन की रूपरेखा, स्थल ले-आउट, थीम आधारित जोन, फूलों की उपलब्धता एवं सजावट, स्थानीय कला और उत्पादों के प्रदर्शन, जनभागीदारी तथा प्रायोजन (स्पॉन्सरशिप) से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। मंडलायुक्त ने आयोजन को वृहद स्तर पर कराने और सभी तैयारियां समय से पूरी करने के लिए आवश्यक रणनीति बनाने पर जोर दिया। दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रदर्शनी स्थल पर प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग द्वार रखने की योजना है, ताकि भीड़ का आवागमन सुचारु बना रहे।

हर तीसरे दिन बदले जाएंगे फूल

उप निदेशक उद्यान, वाराणसी के अनुसार, प्रदर्शनी के छह दिनों के दौरान लगभग सात लाख फूलों और करीब 30 प्रजातियों के पुष्पों का उपयोग किया जाएगा। फूलों की ताजगी और आकर्षण बनाए रखने के लिए प्रत्येक तीसरे दिन प्रदर्शनी बंद होने के बाद रात में फूल बदले जाएंगे। आयोजन समाप्त होने के बाद सजावटी संरचनाओं को स्क्रैप करने के बजाय उन्हें शहर के किसी अन्य स्थान पर स्थापित करने अथवा पुनर्चक्रण करने के विकल्पों पर भी विचार किया जा रहा है।

18 वर्गों और 154 श्रेणियों में होती है प्रतियोगिता

उद्यान विभाग के अनुसार, वर्ष 2021 से प्रत्येक वर्ष पुष्प प्रदर्शनी का आयोजन राजकीय अलंकृत उद्यान, कंपनीबाग परिसर में किया जाता रहा है। प्रदर्शनी मुख्य रूप से दो भागों, 18 वर्गों और 154 श्रेणियों में विभाजित रहती है। पिछले वर्ष आयोजित प्रदर्शनी में 243 प्रतियोगियों ने हिस्सा लिया था और कुल 3,527 प्रविष्टियां प्रदर्शित की गई थीं।

इस बार आयोजन का दायरा और भव्यता बढ़ाते हुए फूलों, फलों और शाकभाजी के माध्यम से काशी की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को नए अंदाज में प्रस्तुत करने की तैयारी है। छह दिनों तक चलने वाली यह प्रदर्शनी न केवल पुष्प प्रेमियों और बागवानी के शौकीनों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784546 Articles

Share this story