वाराणसी की पहड़िया मंडी में लेनदेन के विवाद में फायरिंग, एक हमलावर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी, 18 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जनपद के लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र के पहड़िया मंडी में बुधवार की देर रात लेनदेन के विवाद में मारपीट और फायरिंग का मामला सामने आया है। इस मामले में एक हमलावर को मौके पर मौजूद लोगों ने पकड़ लिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने हमलावर को हिरासत में लेकर पूछताछ किया। मूल रूप से सैदपुर गाजीपुर निवासी पीड़ित अनीस कुमार गौतम ने आरोपितों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।

पीड़ित अनीस कुमार के अनुसार वह देर रात लगभग 1.40 बजे अपने घर पहड़िया की स्टाफ कॉलोनी के समीप चाय की दुकान पर बैठा था। इसी दौरान वहां मोटर साइकिल से पहुंचे तीन युवकों ने बकाये को लेकर उसे गाली देनी शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर बाइक से आये एक युवक ने उस पर जानलेवा हमले की नीयत से फायरिंग कर दी। इसी दौरान उसने अपना बचाव किया तो हमलावर का असलहा उसके हाथ से छूट कर गिर गया। यह देख आसपास मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया। यह देख हमलावर के साथ आए दो युवक वहां से भाग निकले। पीड़ित ने तत्काल घटना की जानकारी पुलिस को दी।

पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित को हिरासत में लेकर मामले की जानकारी ली। पकड़ा गया हमलावर युवक गाजीपुर निवासी अंगद यादव हिस्ट्रीशीटर है। लालपुर थाना प्रभारी के अनुसार पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच चल रही है। उन्होंने बताया कि पीड़ित व हमलावर अंगद यादव सहित अन्य युवक मंडी में एक फूड डिलीवरी कंपनी में काम करते थे। कंपनी आनलाइन डिलीवरी का काम करती है। इसी दौरान पॉच हजार रूपये के लेनदेन का विवाद चल रहा था।---------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story