पर्यावरण कार्यशाला : तुलसी घाट पर महिलाओं ने सीखा कार्बन फुटप्रिंट कम करने का हुनर

WhatsApp Channel Join Now
पर्यावरण कार्यशाला : तुलसी घाट पर महिलाओं ने सीखा कार्बन फुटप्रिंट कम करने का हुनर


वाराणसी, 23 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी के तुलसी घाट पर मंगलवार को संकट मोचन फाउंडेशन एवं 'मदर्स फॉर मदर' के संयुक्त तत्वावधान में पर्यावरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस जागरूकता कार्यक्रम में शहर के विभिन्न विद्यालयों और सामाजिक संस्थाओं से जुड़ी लगभग 50 महिलाओं ने सहभागिता की।

कार्यशाला में बतौर मुख्य वक्ता 'मदर्स फॉर मदर' की अध्यक्ष आभा मिश्रा ने कहा कि पर्यावरण आज के समय का सबसे गंभीर मुद्दा है। इसमें नई पीढ़ी की भागीदारी होने से पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को बल मिलेगा और हमारा पर्यावरण सुदृढ़ बनेगा। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने एक विशेष प्रश्नावली के माध्यम से अपने व्यक्तिगत 'कार्बन फुटप्रिंट' का आकलन किया और इसे कम करने के लिए व्यावहारिक कार्ययोजना निर्धारित की। कार्यशाला में यह भी बताया गया कि किस प्रकार आयोजक संस्था तकनीक के प्रयोग से महिलाओं को हुनरमंद बनाकर आत्मनिर्भर बना रही है। कार्यशाला में अशोक पांडेय, गोपाल पांडेय, विकल्प दुबे आदि की मौजूदगी रही।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story