मतदाता सूची शुद्ध एवं त्रुटिरहित हो,कोई भी पात्र मतदाता छूटने न पाए : विवेक जोशी

WhatsApp Channel Join Now
मतदाता सूची शुद्ध एवं त्रुटिरहित हो,कोई भी पात्र मतदाता छूटने न पाए : विवेक जोशी


निर्वाचन आयुक्त ने वाराणसी में विधानसभा चुनाव से सम्बंधित कार्यों का किया समीक्षा

वाराणसी,21 नवंबर (हि.स.)। निर्वाचन आयुक्त, भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली विवेक जोशी ने शनिवार को वाराणसी स्थित आयुक्त कार्यालय में विधानसभा चुनाव से पहले सम्बंधित कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने निर्वाचन प्रक्रिया से सम्बंधित चल रहे कार्यों एवं जनपद की सामान्य जानकारी व विधानसभावार ईपी रेशियों, जेण्डर रेशियों तथा अन्य कार्यों के बारे में जानकारी दी।

इस दौरान निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि निर्वाचन कार्य में लगे हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का दायित्व है कि निर्वाचन प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पादित हो, इसके लिए निर्वाचन कार्य में लगे हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची शुद्ध एवं त्रुटिरहित हो कोई भी पात्र मतदाता, मतदाता बनने से छूटने न पाये। उन्होंने महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, छात्रावासों एवं भर्ती रैलियों में कैम्प लगाकर एवं अभियान चलाकर युवा मतदाताओं से फार्म-06 भरवाते हुए मतदाता सूची में उनका नाम शामिल किए जाने के लिए कहा है। उन्होंने मतदाता जागरूकता कार्यक्रम चलाये जाने के लिए कहा, जिससे कि अधिक से अधिक लोगो का नाम मतदाता सूची में शामिल हो सके। उन्होंने सिनेमा हॉलों में भी विज्ञापन के माध्यम से लोगो को मतदाता बनने के लिए जागरूक करने के लिए कहा है।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य में लगे हुए मतदान कार्मिकों का अच्छे से करायें प्रशिक्षण, अच्छे ढंग से प्रशिक्षित होने से सरलता एवं सहजता से निर्वाचन प्रक्रिया को सम्पन्न कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि एक बूथ पर 1200 से अधिक मतदाता न हो। मतदान के समय मतदान कार्मिकों के लिए मतदान केन्द्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित रहे। उन्होंने संवेदनशील बूथों के चिन्हीकरण सहित कानून व्यवस्था के सम्बंध में भी विस्तार से जानकारी प्राप्त की।

बैठक से पूर्व निर्वाचन आयुक्त ने संपूर्णानंद , राजकीय क्वींस कॉलेज तथा मॉडल प्राइमरी स्कूल, कैंटोनमेंट पहुंचकर बूथों पर चल रही मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम की गतिविधियों का जायजा लिया।

इस दौरान मण्डलायुक्त के विजयेंद्र पांडियन, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार, उप जिला निर्वाचन अधिकारी पंकज कुमार एवं सभी ईआरओ सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780947 Articles

Share this story