धर्म नगरी वाराणसी एयरपोर्ट से भारत की पहली 'ईजी कनेक्ट' अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू

WhatsApp Channel Join Now
धर्म नगरी वाराणसी एयरपोर्ट से भारत की पहली 'ईजी कनेक्ट' अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू


—हब-एंड-स्पोक अंतरराष्ट्रीय संचालन की शुरुआत भारत के एविएशन इकोसिस्टम में लंबी छलांग

—नागरिक उड्डयन मंत्री ने चेक-इन करने वाले पहले यात्री को दिया बोर्डिंग पास

वाराणसी, 26 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी के बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से पहली बार हब-एंड-स्पोक अंतरराष्ट्रीय संचालन की शुरुआत हो गई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र से उनके विज़न को साकार करने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए बीते गुरूवार की शाम केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने 'हब-एंड-स्पोक' मॉडल के तहत भारत की पहली 'ईज़ी कनेक्ट' उड़ान शुरू की। यह सेवा भारतीय विमानन उद्योग में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस मॉडल का उद्देश्य भारत को दुनिया से और दुनिया को भारत से जोड़ना है। खास तौर पर यह भारत को एक ग्लोबल एविएशन हब बनाने और टियर-II और टियर-III शहरों के यात्रियों को निर्बाध अंतर्राष्ट्रीय कनेक्टिविटी प्रदान करने के सरकार के प्रयासों को दर्शाता है।

'हब-एंड-स्पोक' रणनीति का लक्ष्य वर्ष 2030 तक भारतीय यात्रियों के लिए और 2047 तक दुनिया के लिए भारत को पसंदीदा एविएशन हब बनाना है। इसके फायदे केवल एविएशन तक ही सीमित नहीं हैं। बेहतर अंतर्राष्ट्रीय कनेक्टिविटी से व्यापार, पर्यटन, निवेश और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। मंत्रालय के अध्ययनों से पता चलता है कि एविएशन हब के विकास से लगभग 4 लाख (0.4 मिलियन) प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष नौकरियां पैदा हो सकती हैं और 2030 तक भारत की जीडीपी में अतिरिक्त 30 बिलियन अमेरिकी डॉलर का योगदान हो सकता है। 2047 तक, इसका कुल प्रभाव लगभग 1.6 करोड़ (16 मिलियन) प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष नौकरियों का समर्थन कर सकता है और अर्थव्यवस्था में लगभग 1.4 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर का योगदान कर सकता है।

इस अवसर पर नागरिक उड्डयन मंत्री ने कहा कि हम हवाई यात्रा को और अधिक सुलभ बनाने और भविष्य के लिए तैयार, आत्मनिर्भर भारतीय एविएशन इंडस्ट्री बनाने के अपने विज़न को साकार करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठा रहे हैं। एक ऐसी इंडस्ट्री जो कुशल, समावेशी और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी हो। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि हमारा नया हब-एंड-स्पोक मॉडल हमारे नागरिकों के यात्रा करने के तरीके में एक बड़ा बदलाव लाएगा। भारत में चाहे कोई किसी भी शहर में रहता हो, वह अपने गृह शहर से ही अपनी अंतर्राष्ट्रीय यात्रा शुरू कर सकता है और आसानी और आत्मविश्वास के साथ, भारत के अपने विमानों से दुनिया भर की यात्रा कर सकता है।

परिचालन की शुरुआत के मौके पर, केन्द्रीय मंत्री ने पहली 'ईज़ी कनेक्ट' उड़ान के लिए चेक-इन करने वाले शुरुआती कुछ यात्रियों को एक यादगार बोर्डिंग पास भेंट किया।

इस अवसर पर नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव समीर कुमार सिन्हा, अतिरिक्त सचिव पुनीत कंसल, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के अध्यक्ष विपिन कुमार के साथ एयर इंडिया के सीईओ और मैनेजिंग डायरेक्टर कैंपबेल विल्सन की भी खास मौजूदगी रही।

बताते चले हब-एंड-स्पोक मॉडल के तहत, अंतरराष्ट्रीय यात्री 'स्पोक' एयरपोर्ट पर ही चेक-इन, इमिग्रेशन और कस्टम्स की औपचारिकताएं पूरी करते हैं, जिससे यह उनकी अंतरराष्ट्रीय यात्रा का पहला प्रस्थान बिंदु बन जाता है। सुरक्षा और संचालन के उच्चतम मानकों को सुनिश्चित करने के लिए, इस मॉडल में कई सुरक्षा उपाय शामिल किए गए हैं। घरेलू-अंतरराष्ट्रीय संचालन के दोनों चरणों को अंतरराष्ट्रीय संचालन के रूप में ही माना जाता है। यात्रियों के आपस में मिलने-जुलने से रोकने के लिए घरेलू (डी) और अंतरराष्ट्रीय (आई) यात्रियों के लिए अलग-अलग फिजिकल बोर्डिंग कार्ड जारी किए जाते हैं, जिन पर उचित पहचान-चिह्न होते हैं। हब-एंड-स्पोक ढांचे के तहत यात्रा करने वाले अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को हब एयरपोर्ट पर कस्टम्स घोषणा की सुविधाओं का एक्सेस नहीं मिलता है। माना जा रहा है कि वाराणसी से हब-एंड-स्पोक अंतरराष्ट्रीय संचालन की शुरुआत भारत के एविएशन इकोसिस्टम में एक बड़ी प्रगति है।

एयर इंडिया हब-एंड-स्पोक सर्विस शुरू करने वाली पहली एयरलाइन

एअर इंडिया देश भर में हब-एंड-स्पोक सर्विस शुरू करने वाली पहली एयर लाइन है। इसमें वाराणसी के अलावा कई अन्य घरेलू स्पोक शहरों को दिल्ली, मुंबई और बैंगलुरु में मौजूद एयरलाइन के मुख्य हब से जोड़ा जाएगा। अगले कुछ महीनों में, एअर इंडिया अहमदाबाद, अमृतसर, चेन्नई, गोवा, गुवाहाटी, हैदराबाद, कोच्चि, मुंबई, पटना, वडोदरा और विशाखापट्नम सहित कई अन्य भारतीय शहरों से भी ईज़ी कनेक्ट सर्विस शुरू करने की योजना बना रही है। एयर इंडिया के इस नए हब-एंड-स्पोक मॉडल के तहत ईज़ी कनेक्ट फ्लाइट्स की बुकिंग अब सभी चैनलों पर शुरू हो गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story