प्रदेश में गौहत्या तो दूर, गौ माता को कोई खराेंच भी नहीं लगा सकता : केशव प्रसाद मौर्य
-स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को ‘गो प्रतिष्ठा धर्मयुद्ध’ आंदोलन का अधिकार, लखनऊ आने में काेई रोक-टोक नहीं: केशव प्रसाद मौर्य
वाराणसी, 02 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज वाराणसी दौरे पर ज्योतिष्पीठाधीश्वर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के ‘गो प्रतिष्ठा धर्मयुद्ध’ आंदोलन को लेकर बड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा शंकराचार्य जी को आंदोलन करने का पूरा अधिकार है और उनके लखनऊ आगमन पर किसी प्रकार की रोक-टोक नहीं है।
सोमवार को वाराणसी दौरे पर आए उपमुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा, “वह शंकराचार्य हैं, संत हैं। शंकराचार्य कहीं भी जाएंगे, हम उनका स्वागत करेंगे। मैं भी रामभक्त होने के नाते उनका स्वागत करूंगा।” शंकराचार्य द्वारा दिए गए इस बयान कि ‘उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक गौहत्या होती है’ पर प्रतिक्रिया देते हुए उपमुख्यमंत्री मौर्य ने कहा कि प्रदेश में गौहत्या तो दूर, “गौ माता को कोई खराेंच भी नहीं लगा सकता। किसी हत्यारे की औकात नहीं है।” उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि कोई गौ माता को नुकसान पहुंचाने का प्रयास करेगा तो सरकार उसे बख्शेगी नहीं।
मौर्य ने स्वयं को गौभक्त बताते हुए कहा कि उन्होंने पूर्व में भी गौ संरक्षण के लिए कई आंदोलन किए हैं। गौ तस्करों और ऐसे तत्वों को पता है कि हम उनके साथ कैसा व्यवहार करेंगे । शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ दर्ज मुकदमे को लेकर अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया पर पलटवार करते हुए उपमुख्यमंत्री ने उन्हें “ढोंगी” करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासनकाल में रामभक्तों का दमन किया गया और गौ तस्करों को संरक्षण मिला। एक सवाल के जबाब में उन्होंने कहा कि 2047 तक भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी रहेगी। कोई भी विपक्षी गठबंधन इसे डिगा नहीं पाएगा। उपमुख्यमंत्री माैर्य वाराणसी में सरकारी सरस मेले में हिस्सा लेने पहुंचे थे।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

